
शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शनिवार को ग्राम टोंगरा एवं राजगढ़ स्थित उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए इस दौरान कलेक्टर वर्मा ने ग्राम राजगढ़ के सचिव एवं सहायक सचिव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम टोंगरा उप स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीएचओ रमा दांगी एवं आशा कार्यकर्ता सुशीला रावत एवं अंगुरी रावत से चर्चा की केंद्र के आसपास गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित सचिव के सहयोग से तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए साथ ही केंद्र में बड़ी संख्या में रखे आयुष्मान कार्डों को ग्रामीणों को वितरित करने के लिए कहा।
इसके उपरांत कलेक्टर वर्मा ने उप स्वास्थ्य केन्द्र राजगढ़ का निरीक्षण किया वहां पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी खुशवेन्द्र मिश्रा मौके पर मिले कलेक्टर वर्मा ने सीएचओ से उपस्वास्थ्य केन्द्र, बैक्सीनेशन एवं पेयजल के संबंध में आवश्यक जानकारी ली कलेक्टर को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी खुश्वेंद्र मिश्रा ने अवगत कराया कि उप स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ परिसर के आसपास कचरा जमा हो जाता है, इसलिए तार फेंसिंग कराना आवश्यक है इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि पटवारी से उप स्वास्थ्य केंद्र की भूमि का तत्काल सीमांकन कराते हुए तार फेंसिंग कराएं।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ.बी.एल.यादव ने सीएचओ से पिछले वर्ष 0 से 5 साल तक की बच्चों की मृत्यु दर जानकारी ली जिस पर सीएचओ ने बताया कि पिछले वर्ष की संख्या 29 रही। उन्होंने उक्त बच्चों के सत्यापन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कराया स्वयं का मलेरिया परीक्षण
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने उपस्वास्थ्य केन्द्र राजगढ़ में मलेरिया किट देखकर सीएचओ से पूछा कि मलेरिया का परीक्षण कैसे किया जाता है, मेरा मलेरिया का परीक्षण कीजिए जिस पर सीएचओ ने तुरंत कलेक्टर वर्मा का मलेरिया किट निकालकर मलेरिया का परीक्षण किया जिसका 10 मिनिट बाद रिजल्ट आया, उक्त रिजल्ट नेगेटिव था इसी प्रकार उन्होंने सीएचओ से केन्द्र के संबंध में अन्य जानकारी भी ली।
ग्राम राजगढ़ के सचिव एवं सहायक सचिव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने उपस्वास्थ्य केन्द्र राजगढ़ के आस पास कचरा जमा होने के कारण सचिव एवं सहायक सचिव को दूरभाष पर चर्चा हेतु कॉल किया परन्तु सचिव एवं सहायक सचिव दोनों ने ही कॉल रिसीव न करने एवं अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त होने के कारण कलेक्टर ने दोनों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के सीईओ को निर्देश दिए।