बदरवास स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज हेतु रेलवे सुविधा संघर्ष समिति की मांग पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने रेल मंत्री को लिखा पत्र - Badarwas



 उज्जैनी, योगनगरी, बांद्रा एक्सप्रेस के हों स्टॉपेज 

समिति द्वारा सौंपे मांगपत्र में ट्रेनों के ठहराव,मेमू ट्रेन चलाने सहित स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की रखी गई थी मांग 

बदरवास - गुना–ग्वालियर रेलवे ट्रैक के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन बदरवास पर लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों उज्जैनी एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाई नगर योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, झांसी बांद्रा एक्सप्रेस सहित अन्य गाड़ियों के स्टॉपेज करने तथा स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति रेलमंत्री सहित विभिन्न स्तर पर मांगपत्र भेजकर लगातार करती आ रही है।रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी  मांगपत्र भेजकर और गत माह बदरवास आगमन के दौरान समिति ने मिलकर ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी थी। समिति द्वारा दिए गए मांगपत्र और सतत प्रयासों के बाद केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने बदरवास रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी,बांद्रा एक्सप्रेस सहित महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज करने तथा स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को मांग पूर्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने हेतु पत्र लिखा है पत्र की प्रति रेलवे सुविधा संघर्ष समिति को भी भेजी गई है।



सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी, मनीष बैरागी,कपिल परिहार ने बताया कि समिति द्वारा लंबे समय से बदरवास रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाईनगर योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, झांसी-बांद्रा एक्सप्रेस, ग्वालियर-बैंगलोर एक्सप्रेस,अमृतसर एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग लगातार की जा रही है। इसके लिए समिति द्वारा लगातार केंद्रीय रेल मंत्री,केंद्रीय संचार मंत्री,अध्यक्ष रेलवे बोर्ड,जीएम,डीआरएम से पत्र व्यवहार और व्यक्तिगत मिलकर इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने हेतु मांगपत्र दिए जाते रहे हैं।

अवस्थी ने बताया कि बदरवास रेलवे स्टेशन गुना ग्वालियर ट्रैक का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं।इसके बावजूद कई प्रमुख ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को शिवपुरी,गुना जाकर इन गाड़ियों को पकड़ना पड़ता है जिससे यात्रियों का समय और धन दोनों खर्च होता है। विद्यार्थियों,नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों,मरीजों को चिकित्सा हेतु तथा धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले श्रद्धालुओं का हरिद्वार,ऋषिकेश,अमृतसर,उज्जैन,दिल्ली,मुंबई,बंगलौर,इंदौर आना जाना लगा रहता है और इन गाड़ियों का बदरवास स्टेशन पर स्टॉपेज न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर इन गाड़ियों का बदरवास स्टेशन पर स्टॉपेज कर दिया जाए तो क्षेत्रीय यात्रियों को उत्तर भारत,दक्षिण भारत सहित देश के विभिन्न महानगरों तथा धार्मिक स्थानों तक बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। बदरवास क्षेत्र की बढ़ती यात्री संख्या, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंबी दूरी की इन प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की बहुत आवश्यकता है।

रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा क्षेत्र की जनभावनाओं और यात्रियों की इन समस्याओं को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष रखा गया था। इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेकर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हुए रेल मंत्री को विभिन्न गाड़ियों के बदरवास स्टेशन पर स्टॉपेज करने हेतु पत्र भेजा है।

मांगपत्र में शामिल अन्य मांगें 

बदरवास स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया जाए। स्टेशन के प्लेटफार्म पर बड़ा लंबा टीनशेड लगे तथा दूसरे प्लेटफार्म का निर्माण और फुट ओवर ब्रिज, रैक प्वाइंट बनाया जाए। स्टेशन पर टिकिट रिजर्वेशन काउंटर तथा आरपीएफ आउट पोस्ट खोली जाए। गुना ग्वालियर के बीच दिन में मेमू ट्रेन चलाई जाए। मालवा एक्सप्रेस,इंदौर बरेली एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों को शिवपुरी गुना होकर चलाया जाए।


ट्रेनों के स्टॉपेज से विद्यार्थी,व्यापारियों,मरीजों,धार्मिक यात्रियों को मिलेगी राहत 

बदरवास रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस,योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, झांसी बांद्रा एक्सप्रेस,बंगलौर एक्सप्रेस के स्टॉपेज से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी साथ ही विद्यार्थियों,नौकरीपेशा,धार्मिक पर्यटन यात्रियों सहित बीमार लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र का रेल संपर्क मजबूत होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म