बदरवास - शिवपुरी जिले के कोलारस पुलिस अनुविभाग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बदरवास थाना क्षेत्र के एनएच-46 स्थित नई तहसील बदरवास के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार अशोकनगर की ऊर्जा कॉलोनी निवासी फूलसिंह ओझा अपनी पत्नी गुड्डी बाई और पुत्र रिंकू के साथ 19 जून को होने वाली बेटी की शादी के कार्ड देने काठी से बारई जा रहे थे। इसी दौरान नई तहसील के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गुड्डी बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फूलसिंह और रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 के पायलट हर्षवर्धन भार्गव एवं सैनिक अंकेश रघुवंशी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदरवास पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है बेटी की शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।
Tags
Badarwas