बिजली तार काटते हुुुये रात 4 बजे घेराबंदी कर 3 चोरों को रंगे हाथों पकड़ा, बंधक बनाकर पुलिस को सौंपा
सर्वेश राजपूत कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस अनुभाग के रन्नौद थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली तार की चोरियों से परेशान ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से एक शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है ग्राम बीजरी और देहरदा गणेश के बीच खेतों में देर रात बिजली के खंभों से तार काट रहे तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर रंगे हाथों दबोच लिया ग्रामीणों ने आरोपियों को मौके पर ही बंधक बना लिया और उनके पास से भारी मात्रा में कटे हुए तार और औजार बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टॉर्च की रोशनी ने खोला राज, झाड़ियों में छिपे ग्रामीण
बीजरी गांव के निवासी रणवीर सिंह दांगी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार बिजली के खंभों से केबल चोरी होने की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिससे किसान बेहद परेशान थे। चोरों को पकड़ने के लिए ग्रामीण रात में खेतों की निगरानी कर रहे थे।
मंगलवार तड़के करीब 4 बजे रणवीर सिंह अपने साथी काले सरदार, राजू दांगी, गुरतेज और भूरा दांगी के साथ मोटरसाइकिल से देहरदा गणेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें देवेंद्र सिंह दांगी के खेत के पास बिजली के खंभों के पास संदिग्ध टॉर्च की रोशनी दिखाई दी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने अपनी गाड़ी रोकी और खेतों व झाड़ियों में छिपकर नजर रखने लगे। कुछ ही देर में तीन युवक खंभों से नीचे उतरे और कटर से तारों को काटने लगे।
खेतों में बिछाई थी घेराबंदी की बिसात
चोरों को रंगे हाथों देखते ही ग्रामीणों ने बिना शोर मचाए फोन कर अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद चारों तरफ से घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया। चोरों के पास से चोरी किए गए बिजली के तारों के बंडल और केबल काटने के कटर (औजार) बरामद हुए हैं।
डायल 112 को दी सूचना
ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शरद खटीक (निवासी खरै)आशीष लोधी (निवासी भड़ौता) और छोटू लोधी (निवासी खरै)बताए हैं।
पुलिस को अन्य चोरियों के खुलासे की उम्मीद
रन्नौद थाना पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले दिनों हुई अन्य केबल और ट्रांसफार्मर चोरियों के संबंध में भी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।
Tags
Kolaras