कोलारस के गोरा टीला में रात्रि चौपाल: जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण से ग्रामीणों में बढ़ा प्रशासन के प्रति विश्वास - Shivpuri

शिवपुरी - संभागायुक्त मनोज खत्री और कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जनपद पंचायत कोलारस की ग्राम पंचायत गोरा टीला में आयोजित रात्रि चौपाल में शिरकत की यह चौपाल प्रशासन और जनता के बीच बढ़ते समन्वय का एक जीवंत माध्यम बनी शासन की जनहितैषी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने और ग्रामीणों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने के उद्देश्य से आयोजित इस चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं उनकी इस सीधी पहल से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और गहरा हुआ है।
राशन व्यवस्था में सुधार के सख्त निर्देश

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायतें कीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तत्काल प्रभाव से कंट्रोल संचालक को हटाने के निर्देश दिए साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया है ग्रामीणों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अधिकारियों ने क्षेत्र में कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों को तत्काल खाद्यान्न पर्ची वितरित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी परिवार को अनाज प्राप्त करने में समस्या न हो।

आंगनवाड़ी और मध्याह्न भोजन व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया। महिला बाल विकास  अधिकारी को निर्देशित किया कि वे स्वयं पंचायत भवन स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण करें।

आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए उसकी तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं साथ ही, उन्होंने बच्चों को मिलने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के कड़े निर्देश दिए, ताकि बच्चों को शुद्ध और पौष्टिक आहार समय पर उपलब्ध हो सके।

प्रधानमंत्री आवास और जनमन आवास योजना का दिलाएं लाभ 

रात्रि चौपाल में कई ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना और जनमन आवास योजना के तहत रुकी हुई किस्तों की समस्या को अधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर संज्ञान लेते हुए संभागायुक्त श्री खत्री और कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों की किस्तें किसी कारणवश रुकी हुई हैं, उनका तत्काल भौतिक सत्यापन किया जाए।

अधिकारियों से कहा गया है कि वे मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की फोटो लेकर जांच पूरी करें और पात्र हितग्राहियों को उनकी रुकी हुई किस्तों का भुगतान अविलंब सुनिश्चित करें ताकि आवास निर्माण का कार्य गति पकड़ सके।

इस रात्रि चौपाल के माध्यम से अधिकारियों ने समस्याओं को केवल सुना ही नहीं, बल्कि उनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर ही निर्देश देकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म