बैंकर्स एवं अन्य विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश
शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक, लीड बैंक मैनेजर सहित जिले के विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
कलेक्टर वर्मा ने शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम किसान क्रेडिट कार्ड, पीएमएफएमई, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड, आचार्य विद्यासागर योजना तथा आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को दिए गए ऋणों की विस्तृत समीक्षा की उन्होंने कृषि ऋण, एमएसएमई, हाउसिंग लोन और एनपीए प्रबंधन के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विभिन्न शासन प्रायोजित योजनाओं में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्य की समीक्षा के अंतर्गत बैंकों को प्रेषित ऋण प्रकरणों पर चर्चा करते हुए सभी शाखा प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र ऋण प्रकरणों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के शीघ्र स्वीकृत कर वितरण सुनिश्चित किया जाए उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का वास्तविक लाभ जन-जन तक तभी पहुंच सकेगा, जब विभागीय अधिकारी और बैंक शाखाएं पूर्ण आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
Tags
Shivpuri