कोलारस - कोलारस परगना क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा में आकाशीय बिजली से हुई जन-पशुहानि की घटना में कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही, पीड़ितों को कुल 13.88 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत।
रन्नौद तहसील क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा में बीते दिन आकाशीय बिजली गिरने से हुई हृदयविदारक जनहानि एवं व्यापक पशुहानि की घटना में जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आपदा की इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए कोलारस एसडीएम एवं तहसीलदार को तत्काल मौका मुआयना कर नियम अनुसार प्रकरण तैयार कर अतिशीघ्र सहायता राशि स्वीकृत करने के सख्त निर्देश दिए थे।
कलेक्टर वर्मा के निर्देशों के पालन में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर जनहानि के मामलों में त्वरित कार्यवाही पूर्ण की। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मृत ग्राम विजयपुरा निवासी 16 वर्षीय बालक जसरत आदिवासी पुत्र बाबू आदिवासी एवं ग्राम नसीरा निवासी 12 वर्षीय बालक अभिषेक आदिवासी पुत्र रामकृष्ण आदिवासी के शोकाकुल परिजनों को शासन के नियमानुसार 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर तत्काल राहत पहुंचाई गई।
इसके पश्चात प्रशासनिक मुस्तैदी को जारी रखते हुए अगले 24 घंटे के भीतर पशुहानि का विस्तृत सर्वेक्षण पूर्ण किया गया और प्रभावित पशुपालकों को भी सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई है इसके तहत मुन्ना पुत्र होरल सिंह बघेल को 4 भैंस व 1 भैंसा की क्षति पर 1,82,000 रुपये, चन्द्रभान पुत्र सेवाराम पाल को 2 भैंस व 2 बछड़ों के लिए 1,15,000 रुपये, अभिषेक पुत्र जगदीश लोधी एवं सोभाराम पुत्र कल्लू पाल को 2-2 भैंसों की क्षति पर 75-75 हजार रुपये, राकेश पुत्र कल्लू पाल को 1 भैंस व 1 बछड़े की क्षति पर 57,500 रुपये, बाबू पुत्र मन्नू आदिवासी को 4 बकरा व 7 बकरियों के नुकसान पर 44,000 रुपये तथा हरतुम पुत्र घसीटा लोधी व सीताराम पुत्र सोमा पाल को 1-1 भैंस के बछड़े के नुकसान पर 20-20 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
इस प्रकार 2 मानव मृत्यु सहित कुल 11 दुधारू भैंस, 5 बछड़े, 1 भैंसा, 7 बकरी और 4 बकरों की क्षति पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही कर आर्थिक राहत पहुंचाई गई है।
इस प्रकार जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही करते हुए कुल 09 प्रभावित परिवारों को जनहानि एवं पशुहानि के एवज में कुल 13 लाख 88 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर बड़ी राहत प्रदान की गई है।
