बदरवास सेवामित्र मंडल की मांग पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया लिख चुके हैं केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र
बदरवास - क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण,आधुनिक उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खोलने की बहुत आवश्यकता है और इसकी मांग कई वर्षों से सामाजिक संस्था बदरवास सेवामित्र मंडल सहित समाजसेवियों,नागरिकों द्वारा लगातार की जा रही है।
विद्यार्थियों को उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कई वर्षों से बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की जा रही है और इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गोविन्द अवस्थी, मनीष बैरागी, कपिल परिहार ने बताया कि गत वर्ष बदरवास सेवामित्र मंडल की मांग पर केंद्रीय संचार मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बदरवास में केंद्रीय विद्यालय खोले जाने के लिए पत्र भी लिखा था।
बदरवास शिवपुरी और गुना दोनों जिला मुख्यालयों से लगभग 50-50 किलोमीटर दूर स्थित है इतने बड़े क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय का अभाव विद्यार्थियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है नगर सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है।
बदरवास का भौगोलिक महत्व, बढ़ती जनसंख्या, शैक्षणिक आवश्यकताएं और क्षेत्रीय पहुंच इसे केंद्रीय विद्यालय के लिए उपयुक्त स्थान बनाती हैं यदि यहां केंद्रीय विद्यालय की स्थापना होती है तो हजारों विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
बदरवास सेवामित्र मंडल ने मांग की है कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए बदरवास में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की जाए जिससे अंचल के विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा।
बदरवास क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन केंद्रीय विद्यालय जैसी उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक संस्था के अभाव में अनेक विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुरूप अवसर नहीं मिल पा रहे हैं ऐसे में बदरवास में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना पूरे क्षेत्र के शैक्षणिक परिदृश्य को बदल सकती है।
Tags
Badarwas