रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने जलसेवा सहयोगियों व स्टेशन स्टाफ का सम्मान समारोह आयोजित कर किया अभिनंदन
बदरवास - भीषण गर्मी में बदरवास रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग से संचालित निःशुल्क शीतल जलसेवा अभियान के समापन पर गत दिवस सम्मान,धन्यवाद कार्यक्रम आयोजित कर सेवा कार्य में सहयोग देने वाले रेलवे स्टेशन स्टाफ, जलसेवकों और अन्य सहयोगियों का सम्मान कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सभी को माला पहनाकर, शॉल एवं तौलिया भेंटकर तथा मिठाई खिलाकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
मुख्य अतिथि स्टेशन प्रबंधक विनोद शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे यात्रियों को शुद्ध एवं शीतल जल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा मानव धर्म है रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जारी जलसेवा में जल सेवकों ने पूरी गर्मी जिस समर्पण और निस्वार्थ भाव से यह सेवा कार्य किया, वह सराहनीय और अनुकरणीय है उन्होंने कहा कि जलसेवक तपती धूप में भी ट्रेनों की प्रत्येक बोगी तक पहुंचकर यात्रियों को शीतल आरओ जल पिलाते रहे और आगे के सफ़र के लिए यात्रियों की पानी की बोतलें भी भरते रहे। यह सेवा समाज में मानवता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
गौरतलब है कि सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग से बदरवास रेलवे स्टेशन पर निःशुल्क आरओ कैंपर जल से जलसेवा अभियान पूरे गर्मियों में जनसहयोग से जारी रहा। जलसेवा अभियान के दौरान बदरवास रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में पूरे दिन और देर रात तक प्रतिदिन यात्रियों को आरओ कैंपर का शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया। भरी दोपहरी और चिलचिलाती धूप में भी जलसेवक पूरी तन्मयता और सेवाभाव से प्लेटफार्म पर आने जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को शुद्ध पेयजल पिलाकर और उनकी बोतलों को भरने का काम करते रहे।इस पुण्य पुनीत कार्य में समाजसेवियों,युवाओं, तथा रेलवे कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने जनसहयोग की ताकत पर यात्रियों तक राहत पहुंचाकर सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है समिति ने भविष्य में भी जनहित और यात्री हित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों और जलसेवकों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच माल्यार्पण कर,शॉल,तौलिया भेंटकर सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह अभियान केवल प्यास बुझाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करने वाला प्रेरक अभियान साबित हुआ।
यात्रियों को चौबीस घंटे पेयजल के लिए की है स्थाई व्यवस्था
बदरवास रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को चौबीस घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने की है।इसके लिए जनसहयोग से दो वाटर कूलर प्लेटफार्म पर लगवाए हैं साथ ही मटकों का शीतल जल भी हमेशा उपलब्ध हो इसकी व्यवस्था भी की है जिससे यात्री प्यासे न रहें। कई वर्षों से चल रही बदरवास रेलवे स्टेशन पर यह जलसेवा जल सेवकों के सेवा भाव,समर्पण और आत्मीयता के कारण सभी जगह चर्चा का विषय बन गई है।
