निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने बिखेरी लेखनी की प्रतिभा, गुरु को माना प्रेरक
बदरवास - नगर के शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल बदरवास में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत 'मेरे जीवन में गुरु' विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गुरु के महत्व, उनके आदर्शों तथा जीवन निर्माण में उनकी अमूल्य भूमिका पर विचारपूर्ण और प्रेरणादायक निबंध प्रस्तुत किए।
शिक्षक गोविन्द अवस्थी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में गुरु के प्रति सम्मान, भारतीय संस्कृति के आदर्शों तथा लेखन कौशल का विकास करना है।इस प्रकार की गतिविधियों से छात्राएं जीवन में गुरु के योगदान और महत्व से परिचित होती हैं। छात्राओं ने अपने निबंधों के माध्यम से गुरु को ज्ञान, संस्कार और जीवन की सही दिशा प्रदान करने वाला मार्गदर्शक बताया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के बाद विद्यालय की प्रत्येक कक्षा से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बारह छात्राओं का चयन किया गया। चयनित छात्राओं को गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के समापन समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्राचार्य चंद्रवीरसिंह सेंगर एवं विद्यालय परिवार ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति क्षमता, रचनात्मक सोच तथा भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में चंद्रभान श्रीवास्तव, ममता श्रीवास्तव, बसंती मिंज, कपिल परिहार, डॉ ममता यादव, उदय सिंह, विनीता कुशवाह, शशि गुप्ता,कनक कुशवाह, महेंद्र कुशवाह, हरवीरसिंह यादव, दलवीर सिंह,निर्मला शर्मा, हितेन्द्र कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, नावेद अली, शालिनी श्रीवास्तव शामिल रहे।
