रन्नौद - शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के खरेह गांव के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई हादसे के बाद मृतक का शव करीब दो घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहने का आरोप लगाया गया इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कहरी सिंह रघुवंशी ने रन्नौद पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर धरना दिया वहीं थाना प्रभारी राजीव दुबे ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई थी।मृतक की पहचान जगदीश जोशी (55 वर्ष), पुत्र भगवान लाल जोशी, निवासी खरेह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वे बाइक से सजाई मार्ग होते हुए खरेह लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राहगीरों ने शव को सड़क किनारे किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी पुलिस मामला होने के कारण स्थानीय लोग शव को अस्पताल नहीं ले जा सके सूचना मिलने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कहरी सिंह रघुवंशी मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि कई बार फोन करने के बावजूद लंबे समय तक न पुलिस पहुंची और न ही एम्बुलेंस।
विजय कहरी सिंह रघुवंशी ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी, एसडीएम और तहसीलदार को सूचना देने के बावजूद समय पर कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके विरोध में वे सड़क पर धरने पर बैठ गए
बताया जा रहा है कि हादसा शाम करीब 4 बजे खरेह स्थित सुशील रघुवंशी के पेट्रोल पंप के पास हुआ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक ठाटी गांव का निवासी बताया जा रहा है।
हालांकि थाना प्रभारी राजीव दुबे ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा किस वाहन से हुआ है पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा लगाए गए "एक घंटे से अधिक देरी" के आरोप सही नहीं हैं।
बाद में रन्नौद पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए बदरवास भेज दिया घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
इनका कहना
"सड़क हादसे में मृत व्यक्ति का शव करीब दो घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। पुलिस समय पर नहीं पहुंची, इसलिए हमें धरने पर बैठना पड़ा। हम मृतक को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।" - विजय कहरी सिंह रघुवंशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, रन्नौद
इनका कहना
"मामले की जांच की जा रही है किस वाहन से हादसा हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी पुलिस टीम सूचना मिलते ही रवाना हो गई थी देरी के लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं।" - राजीव दुबे थाना प्रभारी रन्नौद
कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि - आज ग्राम खरेह के पास रन्नोद रोड पर खरेह निवासी स्वर्गीय श्री जगदीश जोशी महाराज, शनि मंदिर के पुजारी जी के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रशासन को आवश्यक निर्देश देकर पार्थिव देह को जिला अस्पताल पहुंचाने एवं समस्त वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित कराई।
स्वर्गीय श्री जगदीश जोशी महाराज जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
अपील
यह घटना हम सभी के लिए एक गंभीर सीख भी है मेरा सभी से विनम्र आग्रह है कि यदि सड़क दुर्घटना में कोई व्यक्ति गंभीर अवस्था में दिखाई दे, तो बिना समय गंवाए पुलिस एवं एम्बुलेंस को सूचना दें। यदि संभव हो, तो उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाने का प्रयास करें। आपकी समय पर की गई मदद किसी का अमूल्य जीवन बचा सकती है।
Tags
Rannod