मध्यप्रदेश के सतना के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में तीन महीने से लापता युवक की गुमशुदगी की जांच ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या कथित तौर पर उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी।
हत्या के बाद शव को पहले कुएं में फेंका गया और बाद में पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते उसे निकालकर जमीन में दफना दिया गया पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
घर से घुमाने के बहाने ले गया था हत्यारा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बीते महीने थाना रामपुर बाघेलान में गुमशुदगी क्रमांक 47/26 के तहत विपिन कुमार यादव की गुमशुदगी दर्ज की गई थी जांच के दौरान पता चला कि 25 मार्च 2026 को रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टीकर निवासी सुनील कुशवाहा मृतक के घर आया था और रात में वहीं रुका था। अगले दिन वह विपिन कुमार यादव को टीकर गांव घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया।
साजिश के तहत की गई हत्या
जांच में यह भी सामने आया कि 26 मार्च को टीकर गांव में सुनील कुशवाहा और उसका साथी संदीप बहरोलिया, विपिन यादव के साथ शराब पीते देखे गए थे इसके बाद विपिन का कोई पता नहीं चला घटना के बाद दोनों युवक गांव छोड़कर फरार हो गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की पत्नी आंचल यादव का विवाह से पहले से ही सुनील कुशवाहा के साथ प्रेम प्रसंग था विवाह के बाद भी सुनील कई बार आंचल से मिलने उसके घर आता था। इसी प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या की साजिश रची गई।
आइए जानते हैं पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार आंचल यादव ने अपने प्रेमी सुनील कुशवाहा के साथ मिलकर विपिन यादव की हत्या की योजना बनाई योजना के तहत सुनील ने अपने साथी संदीप बहरोलिया के साथ मिलकर विपिन की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक कुएं में फेंक दिया गया।
बाद में जब पुलिस की जांच तेज हुई और आरोपियों पर दबाव बढ़ा तो शव को कुएं से निकालकर सुनील के घर से कुछ दूरी पर जमीन में दफना दिया गया पुलिस पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर कार्यपालक दंडाधिकारी गोविंदगढ़ की मौजूदगी में दफनाए गए स्थान की खुदाई कराई गई, जहां से विपिन कुमार यादव का शव बरामद हुआ।