चार महीने पहले ही खरीदी गई थी स्कूटी
शिवपुरी - शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम बामौरखुर्द में मंगलवार सुबह बैटरी फटने से एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में भीषण आग लग गई कुछ ही मिनटों में स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूटी के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
खेत पर खड़ी स्कूटी में हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार ग्राम बामौरखुर्द निवासी रामभान सिंह यादव अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी खेत पर खड़ी कर गए थे। सुबह करीब 7 बजे अचानक स्कूटी की बैटरी में विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते जलकर राख हुई स्कूटी
आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन को बचाने का मौका नहीं मिल सका।
चार महीने पहले खरीदी थी स्कूटी
स्कूटी मालिक रामभान सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने करीब चार महीने पहले गुना से 77 हजार रुपये में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी अचानक हुई इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
कोई जनहानि नहीं
घटना के समय स्कूटी के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था इससे किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है हालांकि बैटरी फटने की इस घटना ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
