शिवपुरी - मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शिवपुरी जिला मुख्यालय पर 22 अगस्त को दोपहर 12 बजे से नवीन कृषि उपज मंडी पिपरसमा, शिवपुरी में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जिले के किसानों को संबोधित कर उनसे सीधा संवाद करेंगे। बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से जिले के किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं नवीन आयामों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। महोत्सव में कृषि एवं संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। कृषि वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मछली पालन की नई तकनीकों की जानकारी देंगे। जिले के सभी किसान भाइयों से अपील है कि वे इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और कृषि क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों की जानकारी लेकर लाभ उठाएं।
