गुना-ग्वालियर के बीच चले मेमू ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत - Badarwas



रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने रेल मंत्री को भेजा मांगपत्र, नियमित मेमू सेवा शुरू करने की मांग 

बदरवास - बढ़ते यात्री आवागमन को देखते हुए गुना – ग्वालियर रेलखंड पर मेमू ट्रेन चलाने की जरूरत लगातार महसूस की जा रही है क्षेत्र के यात्रियों के लिए नियमित और सुविधाजनक रेल सेवा के रूप में मेमू ट्रेन चलाने की मांग को लेकर बदरवास की सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने  केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के महाप्रबंधक एवं मंडल के डीआरएम को मांगपत्र भेजकर गुना - ग्वालियर के बीच शीघ्र ही मेमू ट्रेन संचालित करने की मांग की है।


सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी ने मांगपत्र की जानकारी देते हुए बताया कि गुना-ग्वालियर के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यापार, शिक्षा, उपचार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। 


इसके अलावा इस मार्ग से जुड़े कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी ग्वालियर,शिवपुरी और गुना प्रमुख केंद्र हैं ऐसे में इस रेलखंड पर यात्रियों की जरूरत के हिसाब से मेमू ट्रेन चलाए जाने की बहुत आवश्यकता है रेलवे सुविधा संघर्ष समिति कई वर्षों से मेमू ट्रेन चलाने की मांग करती आ रही है। 


मेमू ट्रेन की सबसे ज्यादा आवश्यकता दैनिक यात्रियों के लिए है रोज आने-जाने वाले यात्रियों को ऐसी ट्रेन की जरूरत है जो सुविधाजनक समय पर उपलब्ध हो और कम समय में उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचा सके। 


छोटे स्टेशनों को मिलेगा बड़ा फायदा 

गुना ग्वालियर के बीच मेमू ट्रेन के संचालन से केवल गुना शिवपुरी और ग्वालियर ही नहीं, बल्कि बीच के छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। 

आम यात्री, विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी और अन्य दैनिक यात्री आसानी से आवागमन कर सकेंगे इससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों की प्रमुख शहरों तक पहुंच भी आसान होगी।


समय और यात्रा खर्च में होगी बचत, सुरक्षित होगा सफर 

गोविन्द अवस्थी ने बताया कि मेमू ट्रेन के संचालन से यात्रियों को समय की बचत के साथ किफायती, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा और सड़क परिवहन पर निर्भरता भी कम हो सकती है।


गुना - ग्वालियर के बीच मेमू ट्रेन शुरू होने से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, कर्मचारियों को रोजगार स्थलों तक आने - जाने और व्यापारियों को व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।


यात्री सुविधा को ध्यान में रखकर जल्द हो निर्णय 

अवस्थी ने कहा कि गुना - ग्वालियर के बीच मेमू ट्रेन चलाने की लंबे समय से की जा रही मांग पर रेलवे को गंभीरता से विचार करना चाहिए ताकि क्षेत्र के हजारों यात्रियों को नियमित, सुविधाजनक और किफायती रेल सेवा का लाभ मिल सके।


मेमू ट्रेन को गुना के अलावा अन्य जगह से भी चलाये विभाग 

गुना ग्वालियर के बीच कई वर्षों से मेमू ट्रेन चलाने की मांग जारी है रेलवे को यात्री हित में ग्वालियर से गुना होते हुए रुठियाई या फिर अशोकनगर तक मेमू ट्रेन को चलाना चाहिए जिससे इन स्थानों तक आवागमन की अतिरिक्त कनेक्टिविटी  मिल सकेगी और यात्रियों को सुविधा भी हो जाएगी। 


वैसे अगर रेलवे चाहे तो ग्वालियर इटावा मेमू का विस्तार करके गुना, रुठियाई, अशोकनगर तक चलाया जा सकता है जिससे भिंड इटावा तक सीधे आवागमन की सुविधा क्षेत्र को मिल सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म