शिवपुरी - विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में विद्याभारती मध्यभारत प्रांत के 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह के अंतर्गत सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय, शिवपुरी में दो दिवसीय प्रांतीय हैंडबॉल, कुश्ती, कुराश, बैडमिंटन एवं जूडो प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ प्रतियोगिता में मध्यभारत प्रांत के शिवपुरी, ग्वालियर, राजगढ़, भोपाल एवं नर्मदापुरम विभागों से आए खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. के.के. खरे, जिला खेल अधिकारी, खेल विभाग शिवपुरी रहे विशिष्ट अतिथि के रूप में चंद्रशेखर वेमटे, जिला खेल अधिकारी, स्कूल शिक्षा विभाग, जिला शिवपुरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संदीप कुमार बालौदिया प्रभारी प्रांतीय खेल प्रभारी, भोपाल ने की इस अवसर पर पवन शर्मा, प्रबंधक, सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय एवं जितेन्द्र परसाई, सह प्रबंधक मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ सरस्वती वंदना से हुआ मंचस्थ अतिथियों का परिचय विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य देशबन्धु गौतम ने कराया प्रतियोगिता की प्रस्तावना डॉ संदीप कुमार बालौदिया ने प्रस्तुत की।
वहीं प्रतियोगिता की उद्घाटन घोषणा एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल की शपथ राष्ट्रीय खिलाड़ी भैया रविन्द्र धाकड़ ने दिलाई साथ ही भैया मयंक जाट ने शंख एवं भैया प्रिंस धाकड़ ने झालर बजाकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी के सह प्रबंधक जितेन्द्र परसाई ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष एवं टीम भावना का विकास करते हैं प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ी जीतने के उद्देश्य से आते हैं, लेकिन जीत और हार खेल का हिस्सा है। खिलाड़ियों को परिणाम की चिंता किए बिना अपने लक्ष्य पर निरंतर ध्यान केंद्रित करते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए उन्होंने खेलों में करियर बनाने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि डॉ. के.के. खरे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए वास्तविक प्रतियोगिता दूसरों से नहीं, बल्कि स्वयं से होती है। जीवन में आने वाली कठिनाइयों एवं बाधाओं से घबराने के बजाय उनका दृढ़ता से सामना करना चाहिए, यही सफलता का मूलमंत्र है।
उन्होंने कहा कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में विद्याभारती मध्यभारत प्रांत के पांचों विभागों के खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता रहने वाले प्रतिभागी आगामी मध्य क्षेत्रीय प्रतियोगिता में मध्यभारत प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगे उल्लेखनीय है कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) में विद्याभारती को एक प्रांत का दर्जा प्राप्त है।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के आचार्य उदयवीर गौर ने किया अंत में विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, संरक्षक आचार्य-दीदी, प्रशिक्षकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी छात्र-छात्राएं, संरक्षक आचार्य-दीदी, कोच एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
