जनसमस्याओं को लेकर सीएमओ को सौंपा पत्र, सड़क की मरम्मत, सीसी रोड निर्माण और 250 वर्ष पुराने कुएं के जीर्णोद्धार की मांग - Kolaras



कोलारस - नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता ओ.पी. भार्गव ने गत गुरुवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी रमेश भार्गव को समस्याओं से संबंधित पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से नगर की बदहाल सड़कों के सुधार, सीसी रोड निर्माण तथा धार्मिक एवं सार्वजनिक महत्व के स्थलों के विकास की मांग की गई।

पत्र में बताया गया कि सदर बाजार स्थित पंसारी मंदिर से बड़े हनुमान धर्मशाला मंदिर तक की सड़क का डामर उखड़ जाने से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वार्ड क्रमांक 14 के पांडे मोहल्ला स्थित राम मंदिर से जैन मंदिर तक सीसी रोड निर्माण की मांग भी रखी गई।

इसके अलावा दास हनुमान मंदिर परिसर स्थित करीब 250 वर्ष पुराने खारे कुएं के जीर्णोद्धार की मांग की गई। पत्र में उल्लेख किया गया कि पूर्व में वार्ड क्रमांक 12, 13, 14 एवं 15 के रहवासी इस कुएं के पानी का उपयोग पूजा-अर्चना के लिए करते थे और विषम परिस्थितियों में पेयजल के रूप में भी इसका उपयोग होता रहा है।

वहीं पूर्व पार्षद विमल वैश्य के चौक से जैन मंदिर तक बनी सीसी सड़क के खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया। सड़क की स्थिति खराब होने से बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं को मंदिर आने-जाने में परेशानी हो रही है।

ओ.पी. भार्गव ने नगर की इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे एवं वर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सोन्टू शिवहरे को भी अवगत कराया जा चुका है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म