शिवपुरी। सुभाषपुरा थाना पुलिस ने चोरी, लूट और मारपीट के मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर फरार आरोपियों, स्थाई वारंटियों और अवैध हथियार रखने वालों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुभाषपुरा उप निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की।
अवैध कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
27 सितंबर 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरपुरा पहाड़िया के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान अक्षय उर्फ कुकड़ी पुत्र स्व. राजू उर्फ मुकेश मोघिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम ठर्र, थाना शमशाबाद, जिला विदिशा के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा एवं दो जिंदा राउंड मिले। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
स्थाई वारंटी समेत तीन आरोपी पकड़े
इसी दौरान पुलिस को न्यायालय शिवपुरी के प्रकरण क्रमांक RCT-1371/24 के स्थाई वारंटी के गाराघाट रेस्ट हाउस के पास मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने तलाश कर विश्वनाथ पुत्र बड़ा सूरज पारदी (मोघिया), निवासी ग्राम सेवड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह थाना सुभाषपुरा के चोरी, लूट एवं मारपीट से संबंधित कई मामलों में फरार था।
विश्वनाथ से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके बताए स्थान सरकारी स्कूल के पास, मुड़खेड़ा टोल के पीछे से उसके दो अन्य साथियों प्रमनारायण उर्फ रॉमी पुत्र नमीचंद मोघिया, उम्र 26 वर्ष और कुलदीप पुत्र सेसना मोघिया, उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सेवड़ा, को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान, उप निरीक्षक अरुण वर्मा, सहायक उप निरीक्षक महेशदत्त शर्मा सहित सुभाषपुरा थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Shivpuri