20 किमी पैदल चलकर माता मंदिर पहुंचे 700 ग्रामीण
रिपोर्ट रोहित बेरागी कोलारस/शिवपुरी - शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग अंतर्गत आने वाले ढकरौरा गांव में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और अटूट आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। पूरे गांव के लोगों ने एकजुट होकर करीब 400 फीट लंबी भव्य चुनरी यात्रा निकाली। इस धार्मिक यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित लगभग 700 ग्रामीणों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
सुबह 9 बजे हुआ यात्रा का शुभारंभ
चुनरी यात्रा की शुरुआत शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे ढकरौरा गांव स्थित स्थानीय मंदिर से हुई। माता रानी के जयकारों और भजनों के बीच डीजे की धुन पर ग्रामीण हाथ में 400 फीट लंबी चुनरी थामे पैदल ही रवाना हुए। पूरे रास्ते भर माता के भजनों पर श्रद्धालु झूमते-गाते नज़र आए।
20 किलोमीटर का कठिन सफर तय कर पहुंचे सिंघाराई मंदिर
करीब 20 किलोमीटर का लंबा पैदल सफर तय करने के बाद यह भव्य चुनरी यात्रा सिंघाराई गांव स्थित प्रसिद्ध व प्राचीन माता मंदिर पहुंची। मंदिर प्रांगण पहुंचते ही पूरा माहौल "जय माता दी" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए की गई प्रार्थना, महाप्रसादी का वितरण
मंदिर परिसर में पहुँचकर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ माता रानी को 400 फीट लंबी चुनरी अर्पित की। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना की गई और माता के दरबार में गांव तथा संपूर्ण क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति के लिए कामना की गई। चुनरी यात्रा के सफल समापन पर ग्रामीणों की ओर से विशाल भोजन प्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सर्वसमाज की सहभागिता से आयोजित हुई यात्रा
ग्रामीणों ने बताया कि यह चुनरी यात्रा किसी एक विशेष व्यक्ति या परिवार द्वारा नहीं, बल्कि संपूर्ण ढकरौरा गांव के निवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित की गई थी। सभी ग्रामीणों की सामूहिक इच्छा थी कि माता रानी के चरणों में चुनरी चढ़ाकर गांव में खुशहाली, सुख-शांति और जन-कल्याण की प्रार्थना की जाए।
