अखिल भारतीय धोबी महासंघ के पुनः प्रदेश अध्यक्ष बने बलवीर निबोरिया
कोलारस - अखिल भारतीय धोबी महासंघ ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री महाराजा ज्योतिरादित्य सिंधिया के विश्वसनीय पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, बलवीर निबोरिया को पुनः प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी पुनर्नियुक्ति पर समाजजनों एवं समर्थकों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर निबोरिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार कनोजिया एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी सबसे पहली और महत्वपूर्ण प्राथमिकता मध्यप्रदेश में समाज को समान अधिकार दिलाने की लड़ाई होगी। निबोरिया ने कहा, “मध्यप्रदेश में क्षेत्रीय बंधन के कारण भोपाल, सीहोर और रायसेन में हमारा समाज अनुसूचित जाति (SC) में है, जबकि शेष 49 जिलों में OBC में है। इस भेदभाव को समाप्त कराने के लिए मैं पूरी ताकत से संघर्ष करूंगा। संपूर्ण मध्यप्रदेश में समान अधिकार और समान SC दर्जा दिलाने तक चैन से नहीं बैठूंगा।”
निबोरिया ने संगठन को प्रदेश के 52 जिलों में ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित SC आरक्षण महापंचायत में मध्यप्रदेश से बड़ी संख्या में समाजजनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने समाज के बच्चों की शिक्षा, सामूहिक विवाह और स्वरोजगार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को भी संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। निबोरिया ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के रजक समाज को उसके अधिकार दिलाने के लिए संगठन पूरी मजबूती से कार्य करेगा।
Tags
Kolaras