सीसीटीवी के तार काटकर कैमरों का रुख मोड़ा, 14 क्विंटल धनिया समेत दालें और तिलहन ले गए चोर
कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस पुलिस अनुविभाग क्षेत्र की लुकवासा पुलिस चौकी क्षेत्र में एनएच-46 हाईवे किनारे स्थित तीन दुकानों को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकानों के शटर तोड़कर करीब 2 लाख 88 हजार रुपये कीमत की कृषि उपज चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और कुछ कैमरों का रुख भी दूसरी ओर मोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, वारदात रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध चोर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दुकानों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। दुकानों में दाखिल होने के बाद चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाया। उन्होंने कैमरों के तार काटने के साथ ही कुछ कैमरों की दिशा बदल दी, जिससे चोरी की पूरी वारदात कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी।
14 क्विंटल धनिया सहित कृषि उपज चोरी
चोर दुकानों से बड़ी मात्रा में कृषि उपज अपने साथ ले गए। चोरी हुए माल में करीब 14 क्विंटल धनिया, 11 क्विंटल उड़द, 4 क्विंटल मसूर, 2 क्विंटल सोयाबीन और 3 क्विंटल सरसों शामिल है। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब 2 लाख 88 हजार रुपये बताई जा रही है।
सुबह जब दुकान संचालक दुर्गेश ओझा को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल लुकवासा पुलिस चौकी को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के निर्देशन में पुलिस टीम चोरों की तलाश में जुटी है। पुलिस रात के समय क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने तथा चोरी की गई कृषि उपज बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई है।
Tags
Kolaras