कोर्ट रोड पर यातायात सुगम बनाने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर चला बड़ा अभियान
अवैध टीन शेड, चारपहिया ठेले और दुकानों के बाहर फैला सामान तत्काल प्रभाव से हटवाया गया
दोबारा कब्जा करने या यातायात बाधित करने पर मिलेगी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार शिवपुरी शहर के व्यस्ततम कोर्ट रोड को सुगम और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की टीम ने माधव चौक से लेकर कोर्ट रोड सब्जी मंडी तक मार्ग पर आवागमन बाधित करने वाले चारपहिया ठेलों, अवैध टीन शेडों और दुकानों के बाहर फैलाए सामान को जेसीबी तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से हटवा दिया।
उल्लेखनीय है कि कोर्ट रोड पर लंबे समय से सड़क के दोनों ओर फल-सब्जी के ठेले खड़े रहने और दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और प्रतिदिन जाम की स्थिति बनती थी आमजन की इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह संयुक्त अभियान चलाया गया।
अवैध संरचनाएं ध्वस्त, दुकानदारों को हिदायत - कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने सार्वजनिक मार्ग से अवैध निर्माण और सामान हटवाया अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि वे अपनी तय सीमा के भीतर ही सामान रखें अधिकारियों की मौजूदगी से मार्ग पर तुरंत यातायात सुगम हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई - यह कार्रवाई एसडीएम आनंद सिंह राजावत, तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा, सीएमओ यशवंत राठौर, एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे एवं देहात थाना प्रभारी विकाश यादव की मौजूदगी में पुलिस व नगर पालिका के अमले द्वारा पूरी की गई।
दोबारा कब्जा किया तो होगी सख्त कार्रवाई - प्रशासन एवं नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि कोर्ट रोड सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा किसी भी स्थान पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण का प्रयास किया गया, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
