शासकीय उचित मूल्य दुकान पर राशन की कालाबाजारी पर कलेक्टर सख्त, प्रबंधक एवं तत्कालीन विक्रेता पर एफआईआर दर्ज - Shivpuri


शिवपुरी - कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा राशन वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है उन्होंने समस्त एसडीएम को निगरानी के निर्देश दिए हैं साथ ही अनियमितता करने वालों पर कार्यवाही जारी है।

एसडीएम पोहरी जे पी गुप्ता ने बताया कि उपखंड पोहरी अंतर्गत दुर्गा ग्रामीण महिला प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार मर्यादित भटनावर द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान झिरी के प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग एवं तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान सिंह यादव पर खाद्यान्न खुर्द-बुर्द करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की कार्यवाही की है। 

संस्था प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) परगना पोहरी को एक शिकायती आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया था आवेदन में उल्लेख किया गया था कि तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान यादव द्वारा घोर अनियमितताएं कर उपभोक्ताओं को सामग्री का वितरण नहीं किया गया तथा 92.98 क्विंटल गेहूं एवं 61.86 क्विंटल चावल खुर्द-बुर्द कर दिया गया।

संस्था द्वारा विक्रेता को सूचना पत्र जारी किए जाने पर उसने 10 दिवस में खाद्यान्न दुकान पर रखने का आश्वासन दिया था, परंतु निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी खाद्यान्न दुकान में नहीं रखा गया। प्रबंधक के आवेदन पर एसडीएम पोहरी के निर्देशों के क्रम में मामले की निष्पक्ष जांच कराई गई। जांच अधिकारी द्वारा संस्था प्रबंधक, तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान यादव एवं संस्था अध्यक्ष रेखा संठौर को अपना पक्ष रखने हेतु सूचित किया गया था। 

जांच के दौरान संस्था प्रबंधक निर्मल गर्ग एवं वर्तमान सहायक विक्रेता संदीप रावत उपस्थित हुए। दुकान के भौतिक सत्यापन में यह तथ्य प्रमाणित हुआ कि तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान यादव द्वारा 92.98 क्विंटल गेहूं और 61.86 क्विंटल चावल गायब किया गया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम (राजस्व) पोहरी द्वारा संस्था प्रबंधक निर्मल कुमार गर्ग एवं तत्कालीन विक्रेता शक्तिमान सिंह यादव पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए एसडीएम के निर्देशों के परिपालन में पुलिस द्वारा संबंधितों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले को अग्रिम विवेचना में ले लिया गया है जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म