कलेक्टर वर्मा के सख्त निर्देश: कृषि दुकानों पर औचक निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर 1 दुकान सील, 4 को नोटिस - Shivpuri


शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक की गुणवत्ता और पारदर्शी विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य एवं जिला स्तरीय दल के सदस्यों द्वारा विकासखंड करैरा में विभिन्न कृषि आदान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बासगढ़ स्थित एक प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया तथा चार अन्य प्रतिष्ठानों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।


निरीक्षण के दौरान मैसर्स रावत ट्रेडर्स प्रो. जितेन्द्र पाल, ग्राम बासगढ़ में गंभीर अनियमितताएं पाई जाने पर उक्त प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा मैसर्स जैन कृषि मंदिर प्रो. अभिषेक जैन, मैसर्स गैडा एजेन्सी प्रो. मयूर गैंडा, मैसर्स वीरेन्द्र कुमार विवेक कुमार गुप्ता प्रो. वीरेन्द्र कुमार एवं मैसर्स रावत कृतिका एजेंसी, विकासखंड करैरा के प्रतिष्ठानों पर अनियमितता पाए जाने पर उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब तलब किया गया है।


रबी सीजन हेतु उर्वरक उठाव एवं एनपीके के प्रयोग की सलाह

उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि वर्तमान में रबी सीजन हेतु किसानों द्वारा उर्वरकों का उठाव किया जा रहा है उन्होंने जिले के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे डीएपी उर्वरक के विकल्प के रूप में किसानों को एनपीके एवं कॉम्प्लेक्स उर्वरकों के प्रयोग के लिए प्रेरित करें साथ ही कृषकों को सलाह दी गई है कि वे रबी फसलों में केवल अनुशंसित मात्रा में ही उर्वरकों का प्रयोग करें।


किसानों के लिए आवश्यक अपील एवं सावधानी

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाइयां खरीदें और प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें बिना बिल के किसी भी कृषि आदान सामग्री की खरीदारी न करें यदि किसी भी प्रतिष्ठान पर अमानक, संदिग्ध या नकली सामग्री के विक्रय की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम कृषि कार्यालय में दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर रहेगा जारी

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराना एवं पारदर्शी विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करना शासन व प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है अमानक व अवैध विक्रय को रोकने के लिए जिले भर में निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म