मंडी और राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई, स्टॉक में गड़बड़ी पर एक गोदाम सील, दूसरे से वसूला 1.13 लाख से अधिक का टैक्स - Shivpuri

शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में मंडी एवं राजस्व प्रशासन की संयुक्त टीम ने करैरा में कृषि उपज व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई की। एसडीएम अनुपम शर्मा एवं नायब तहसीलदार सुनील यादव के नेतृत्व में हुई जांच में ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और मौके पर मौजूद वास्तविक स्टॉक के मिलान में लाखों रुपये की कृषि जिंसों का अंतर सामने आया।

56.30 लाख के स्टॉक में अंतर, गोदाम सील

कार्रवाई के दौरान मेसर्स अभी ट्रेडर्स, प्रोप्राइटर प्रमोद जैन के गोदाम में मूंगफली, जौ, मसूर और चना सहित कुल ₹56.30 लाख मूल्य की कृषि जिंसों का अंतर पाया गया।

मंडी नियमों के तहत 5 गुना मंडी टैक्स, निराश्रित एवं समझौता शुल्क सहित कुल ₹4,83,595 की राशि जमा नहीं किए जाने पर प्रशासन ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

दूसरे व्यापारी से मौके पर ₹1.13 लाख वसूले

वहीं मेसर्स सचिन ट्रेडर्स, प्रोप्राइटर सचिन जैन के प्रतिष्ठान पर जांच के दौरान ₹13.13 लाख मूल्य की मूंगफली एवं दाने के स्टॉक में अंतर पाया गया। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए व्यापारी से ₹1,13,605 का शासकीय शुल्क वसूल किया।

कृषि भूमि पर गोदाम संचालन भी मिला

जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में कृषि भूमि पर अनाधिकृत रूप से गोदाम संचालित किए जाने की स्थिति भी सामने आई। इस पर प्रशासन द्वारा दोनों प्रतिष्ठानों से नियमानुसार डायवर्जन (व्यपवर्तन) शुल्क की वसूली की कार्रवाई की गई।

प्रशासन की इस कार्रवाई से कृषि उपज व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और वास्तविक भौतिक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म