दीपावली पर पटाखा बिक्री के अस्थाई लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू, 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन, ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं - Shivpuri



शिवपुरी। दीपावली 2026 के अवसर पर फुटकर आतिशबाजी एवं पटाखा विक्रय के लिए अस्थाई लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया जिला प्रशासन शिवपुरी ने शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। इच्छुक आवेदक एमपी ई-सर्विस पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग के निर्देशों के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884, विस्फोटक नियम 2008 एवं विस्फोटक (संशोधन) नियम 2019 के प्रावधानों के अनुसार यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

एमपी ई-सर्विस पोर्टल से करना होगा आवेदन

अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री दिनेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि इच्छुक आवेदक एमपी ई-सर्विस पोर्टल services.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदक स्वयं पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं अथवा संबंधित लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। निर्धारित शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन किया जाएगा।

आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी

आवेदन करते समय आवेदकों को आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन प्रतियां पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। इनमें—

- आधार कार्ड
- वोटर कार्ड
- पैन कार्ड
- पुलिस प्रतिवेदन/चरित्र सत्यापन
- पूर्व का अस्थाई आतिशबाजी लाइसेंस
- मोबाइल नंबर

शामिल हैं।

आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक किसी आपराधिक मामले में न्यायालय द्वारा दोषसिद्ध नहीं होना चाहिए। इसके अलावा दण्ड प्रक्रिया संहिता/भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत परिशांति एवं सदाचार के लिए बंध-पत्र निष्पादित करने का आदेश भी नहीं होना चाहिए।

एसडीएम कार्यालय में जमा करनी होगी प्रतिलिपि

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नियमानुसार भरे गए आवेदन की प्रतिलिपियां संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालयों में जमा करानी होंगी। यह प्रक्रिया शिवपुरी, कोलारस, करैरा, पोहरी एवं पिछोर एसडीएम कार्यालयों में होगी।

संबंधित एसडीएम द्वारा आवेदनों का परीक्षण कर ऑनलाइन प्रतिवेदन कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय को भेजा जाएगा।

20 अक्टूबर अंतिम तारीख

अस्थाई आतिशबाजी लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। किसी भी परिस्थिति में ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म