मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगा विस्तार, 10 एयरपोर्ट और 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड की योजना - Bhopal

भोपाल। मध्यप्रदेश में नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत हवाई सुविधाओं और विमानन इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है। राज्य के आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 में करीब 150 किलोमीटर के दायरे में वाणिज्यिक एयरपोर्ट, 75 किलोमीटर के दायरे में हवाई पट्टी और करीब 45 किलोमीटर के दायरे में हेलिपोर्ट/हेलीपैड सुविधा विकसित करने का लक्ष्य बताया गया है।

एयरपोर्ट और एयरस्ट्रिप नेटवर्क के विस्तार पर जोर
राज्य में मौजूदा हवाई सुविधाओं के विस्तार के साथ नए एयरपोर्ट और एयरस्ट्रिप विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उज्जैन के दताना-मताना एयरपोर्ट और शिवपुरी एयरपोर्ट के विकास से राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।

‘उड़ान’ योजना के तहत भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में एयरस्ट्रिप को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है। इससे छोटे शहरों और क्षेत्रीय केंद्रों को हवाई सेवा से जोड़ने का लक्ष्य है।
हर क्षेत्र तक हेलीकॉप्टर सेवा पहुंचाने की योजना
विमानन नीति में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए हेलिपोर्ट और हेलीपैड नेटवर्क विकसित करने पर भी जोर दिया गया है। आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार प्रत्येक तहसील/ब्लॉक में लगभग 45 किलोमीटर के दायरे में हेलिपोर्ट या हेलीपैड सुविधा विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

एयर एम्बुलेंस और पर्यटन सेवाओं का भी विस्तार
राज्य सरकार विमानन क्षेत्र का उपयोग स्वास्थ्य और पर्यटन सेवाओं के लिए भी बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। एयर एम्बुलेंस के माध्यम से गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। वहीं हेली पर्यटन के जरिए प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक और वन्यजीव पर्यटन स्थलों को हवाई संपर्क से जोड़ने की योजना पर भी जोर दिया जा रहा है।

सिंहस्थ-2028 को लेकर उज्जैन पर विशेष फोकस
उज्जैन में आगामी सिंहस्थ-2028 को देखते हुए दताना-मताना एयरपोर्ट के विकास को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एयरपोर्ट के रनवे और अन्य सुविधाओं के विस्तार से सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए हवाई संपर्क मजबूत करने की योजना है।

मध्यप्रदेश सरकार की विमानन नीति का आधिकारिक दस्तावेज Invest MP पर उपलब्ध है और राज्य का विमानन निदेशालय एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप तथा अन्य विमानन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से संबंधित कार्य देखता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म