4 अन्य स्थानीय युवाओं को भी दिया रोजगार
शिवपुरी - दृढ इच्छाशक्ति और सही समय पर मिलने वाले शासकीय सहयोग से व्यक्ति किस प्रकार अपने सपनों को साकार कर सकता है, इसकी प्रत्यक्ष मिसाल हैं शिवपुरी जिले के करैरा निवासी रामरतन कुशवाह। एक समय सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी से जूझ रहे रामरतन आज न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन चुके हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों को रोजगार देकर स्वावलंबन की नई इबारत लिख रहे हैं।
सीमित साधनों से शुरू हुआ सफर, आर्थिक तंगी थी बड़ी रुकावट
करैरा के सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले रामरतन कुशवाह अपने परिवार के लालन-पालन हेतु किसी बड़े अवसर की तलाश में थे। उनके पास तकनीकी दक्षता और कार्य करने का जज्बा तो था, लेकिन स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक पूँजी का अभाव हमेशा आड़े आता था। सीमित साधनों के कारण वे अपने सपनों की वर्कशॉप शुरू नहीं कर पा रहे थे, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में भी खास सुधार नहीं हो पा रहा था।
पीएमईजीपी योजना बनी संबल, मिली 10 लाख रुपये की सहायता
रामरतन की किस्मत तब बदली जब उन्हें सूक्ष्म, मध्यम एवं लघु उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने इस योजना के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जिला प्रशासन व उद्योग विभाग के त्वरित सहयोग से उनकी परियोजना स्वीकृत हुई और उन्हें 10 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। इस ऋण राशि पर उन्हें शासन द्वारा 2.5 लाख रुपये की सब्सिडी का लाभ भी मिला।
रीवोरिंग वर्कशॉप से हुआ व्यवसाय का विस्तार, प्रतिमाह लगभग 70 हजार की आय
ऋण राशि स्वीकृत होने के पश्चात रामरतन ने करैरा में अपनी रीवोरिंग वर्कशॉप (लेथ मशीन) की स्थापना की। आधुनिक लेथ मशीन और उन्नत उपकरणों के साथ वर्कशॉप शुरू होते ही क्षेत्र में उनके कार्य की मांग तेजी से बढ़ने लगी। अपनी मेहनत, लगन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के बल पर उनका व्यवसाय दिन-प्रतिदिन नई ऊँचाइयों को छूने लगा। आज रामरतन इस वर्कशॉप के माध्यम से प्रतिदिन नए कार्य कर रहे हैं और सभी खर्चों को निकालकर प्रतिमाह औसतन 70 हजार रुपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।
खुद आत्मनिर्भर बनने के साथ 4 युवाओं को दिया रोजगार
रामरतन कुशवाह न केवल स्वयं आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं, बल्कि उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्थानीय स्तर पर 4 अन्य बेरोजगार युवाओं को अपनी वर्कशॉप में स्थायी रोजगार भी प्रदान किया है। इस प्रकार वे खुद रोजगार मांगने वाले के बजाय दूसरों को रोजगार प्रदाता बन चुके हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है।
प्रशासनिक अवलोकन एवं शासन के प्रति व्यक्त किया आभार
हाल ही में करैरा प्रवास के दौरान जिला प्रशासन द्वारा कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रामरतन कुशवाह की इस सफलता और व्यावसायिक प्रगति का अवलोकन किया गया, जिसकी अधिकारियों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की गई। अपनी इस अभूतपूर्व सफलता और जीवन स्तर में आए सकारात्मक बदलाव के लिए रामरतन कुशवाह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और जिला प्रशासन शिवपुरी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि यदि पीएमईजीपी योजना का सहयोग न मिलता, तो मेरा अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना कभी पूरा न हो पाता।
