नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी वारदात के चंद घंटों में गिरफ्तार, बदरवास पुलिस ने कोर्ट में पेश कर भेजा जेल - Badarwas


बदरवास (शिवपुरी)। शिवपुरी जिले के बदरवास थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महज चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा नाबालिग बच्चों एवं महिलाओं पर घटित अपराधों में संवेदनशीलता दिखाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को नाबालिग पीड़िता ने बदरवास थाने पहुंचकर अपने साथ हुई दुष्कर्म की घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला सामने आते ही थाना प्रभारी बदरवास निरीक्षक नवीन यादव ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में बदरवास थाने में अपराध क्रमांक 337/2026 धारा 65(2), 296A बीएनएस एवं 5M/6 पोक्सो एक्ट के तहत आरोपी विजय सिंह आदिवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

घटना के बाद आरोपी विजय सिंह पुत्र अगनू आदिवासी (निवासी श्रीपुरचक पड़ेरिया, थाना इंदार) की धरपकड़ के लिए तत्काल एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सर्किल जेल शिवपुरी भेज दिया गया है।

इस पूरी त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव, उप निरीक्षक शिखा तिवारी, सहायक उप निरीक्षक राकेश शिवहरे, रघुवीर सिंह, गोपाल बाबू, नारायण सिंह, किरण सोनी, प्रधान आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक सदन भिलाला, रिंकू माहौर तथा आरक्षक चालक दीनू रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म