कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी, न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को भेजा जेल
शिवपुरी। शहर में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
घर में घुसकर चोरी की थी अपाचे बाइक
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को न्यू पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन रोड निवासी भूरा रावत (31) ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर के अंदर से अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP33-ZB-1154 चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 797/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने पुलिस टीम गठित की।
पुराने टोल टैक्स के पास पकड़ाए तीनों आरोपी
15 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ग्वालियर बायपास रोड स्थित पुराने टोल टैक्स के पास अपाचे मोटरसाइकिल लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की बात कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रिंस अग्रवाल (25), निवासी मगरौनी थाना नरवर; अनवर खान (35), निवासी तलैया मोहल्ला पुरानी शिवपुरी; और निजाम शाह (30), निवासी तलैया मोहल्ला, मगरौनी थाना नरवर, शिवपुरी बताए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने उक्त अपाचे मोटरसाइकिल को रेलवे स्टेशन रोड के पास एक घर से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद अन्य स्थानों से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी।
बंद पड़े प्लांट से मिलीं 8 मोटरसाइकिलें
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन रोड स्थित लंबे समय से बंद पड़े शारदा साल्वेट प्लांट से आठ मोटरसाइकिलें बरामद कीं। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 10 बाइक जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों में से आठ को संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कोतवाली पुलिस की टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक अजेन्द्र सिंह परिहार, गजेन्द्र परिहार, दिनेश कुमार, महाराज सिंह, नरेश दुबे, आरक्षक राहुल कुमार एवं चालक आरक्षक शरद यादव की विशेष भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पतारसी और वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Tags
Shivpuri