कारों की छत पर बैठकर निकली थीं युवतियां, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यातायात और कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
शिवपुरी। शहर में गरबा कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करना छह कार मालिकों को भारी पड़ गया। कारों की छत पर बैठकर प्रचार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह कारों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। प्रत्येक वाहन पर 5 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
करीब 20 कारों के काफिले में निकली थीं युवतियां
जानकारी के अनुसार, गुरुवार, 8 अक्टूबर की शाम शहर में एक होटल में आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रम के प्रचार के लिए करीब 20 कारों का काफिला निकाला गया था। इस दौरान बालिकाएं और युवतियां कारों की छतों पर बैठकर कस्टम गेट से शहर के प्रमुख मार्गों पर घूमती नजर आईं। यह काफिला कोतवाली थाने के सामने से भी गुजरा।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
कारों की छत पर बैठकर प्रचार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों के नंबरों की पहचान की और संबंधित वाहन मालिकों को यातायात थाने बुलाकर कार्रवाई की।
इन छह कार मालिकों पर हुई कार्रवाई
पुलिस ने आनंद गुर्जर निवासी पुरानी शिवपुरी, कमलेश रजक निवासी शिवपुरी, चेतन भार्गव निवासी मोहनी सागर कॉलोनी, आकाश शर्मा निवासी रंग महल, संदेश निवासी कोटा भगोरा और दिलीप धाकड़ निवासी माधव नगर की कारों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस के अनुसार, सभी छह वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 189 के तहत कार्रवाई की गई है।
गलती स्वीकार कर मांगी माफी
कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन मालिकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की गलती नहीं दोहराने की बात कही। यातायात पुलिस ने उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस सख्त
शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद गरबा प्रचार के दौरान कारों की छत पर बैठकर लोगों का सड़कों पर निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि प्रचार-प्रसार के नाम पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Shivpuri