दो प्लास्टिक की केनों में भरकर बेच रहा था अवैध शराब, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
बदरवास। शिवपुरी जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बदरवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को बदरवास थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर ग्राम मांगरोल पुल के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की केनों में कच्ची शराब भरकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी मदन उर्फ मदनलाल भील (30), निवासी बढ़ेरा, थाना कोलारस को पकड़ लिया।
दो केनों में मिली 60 लीटर शराब
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो प्लास्टिक की केन बरामद हुईं। इनमें 30-30 लीटर, कुल 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की कीमत करीब छह हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी शराब बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 350/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी नवीन यादव, सहायक उपनिरीक्षक राकेश शिवहरे, प्रधान आरक्षक शर्मा, अनिल सेंगर, अनित बुनकर, आरक्षक रिंकू माहौर, सदन भिलाला, पुष्पेंद्र रावत तथा चालक आरक्षक दीनू रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।