कृष्णा होटल के पास हुआ हादसा, दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी मेडिकल कॉलेज किया रेफर; पुलिस ने दर्ज किया मामला
बदरवास/शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साले घायल हो गए। हादसा कृष्णा होटल के पास बदरवास रोड पर हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे सीयानंद पुत्र श्रीचंद आदिवासी (25), निवासी अंबेडकर कॉलोनी शिवपुरी, अपने साले हरि आदिवासी के साथ बाइक क्रमांक MP33ZK3727 से बदरवास बाजार में करवा चौथ का सामान खरीदने आया था। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से अपनी ससुराल बूढ़ाडोंगर लौट रहे थे।
इसी दौरान कृष्णा होटल के पास सामने से आ रही सिंह ब्रदर्स की बस क्रमांक MP33P0510 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल बदरवास पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए शिवपुरी रेफर कर दिया।
घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर बदरवास पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
Tags
Badarwas