छोटी खजूरी गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, 11 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज; दोनों पक्षों ने दर्ज कराई क्रॉस एफआईआर
बदरवास/शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र के छोटी खजूरी गांव में रास्ते को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद शुक्रवार रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष पर दूसरे पक्ष के परिवार को ट्रैक्टर से कुचलने और इसके बाद कुल्हाड़ी, फरसा, बल्लम व लाठियों से हमला करने के गंभीर आरोप लगे हैं। हमले में सिर पर कुल्हाड़ी लगने से भूरिया बाई जाटव की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई अन्य सदस्य घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अस्पताल की ड्यूटी से लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घायल बारेलाल जाटव (38) ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे वह अस्पताल में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहा था। उसके साथ भाभी भूरिया बाई, मां रामबती बाई, भाई फेरन सिंह, भतीजे राहुल और रोहित तथा गायत्री बाई भी खेत से घर आ रहे थे। इसी दौरान पप्पू जाटव के घर के सामने रास्ते को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विरोध करने पर ट्रैक्टर चढ़ाने और हथियारों से हमले का आरोप
बारेलाल के मुताबिक, रास्ते में भोला जाटव ट्रैक्टर लेकर आया और विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने परिवार के लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इसके बाद दुर्गेश जाटव, भागीरथ जाटव, किशना जाटव, शीलकुमार जाटव, राकेश जाटव, कल्ला जाटव, विनोद जाटव, पप्पू जाटव, एक अन्य विनोद जाटव और सुशीला जाटव सहित अन्य लोग हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की गई।
सिर में कुल्हाड़ी लगने से भूरिया बाई की मौत
हमले के दौरान दुर्गेश जाटव पर भूरिया बाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने का आरोप है। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए बदरवास अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने भूरिया बाई को मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार कराया गया। महिला के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप, क्रॉस एफआईआर
घटना के बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। भोला जाटव ने अपनी शिकायत में फेरन, बारेलाल, राहुल और रोहित पर गाली-गलौज करने तथा लाठी-डंडों से मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। भोला के पिता भागीरथ जाटव भी बीच-बचाव करने पहुंचे थे और उनके घायल होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। रास्ते के पुराने विवाद से शुरू हुई इस घटना में एक महिला की मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Tags
Badarwas