शहर की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, रोड पर अतिक्रमण न करने की दी समझाइश - Shivpuri


शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा बुधवार की शाम शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लेने माधव चौक और कोर्ट रोड पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के साथ शहर में यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और प्रेम स्वीट्स सहित अन्य दुकानदारों को रोड पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी।

कलेक्टर अर्पित वर्मा कल देर शाम शहर में भ्रमण के लिए निकले और उन्होंने शहर के व्यस्ततम मार्ग माधव चौक चौराहा और कोर्ट रोड पर यातायात व्यवस्था देखी। इसके साथ ही उन्होंने साफ सफाई के लिए भी दुकानदारों को समझाइश दी। शहर भ्रमण के दौरान माधव चौक स्थित प्रेम स्वीट्स के बाहर लगे स्टॉल्स हटवाए। उन्होंने नगरपालिका और यातायात की टीम को भी निर्देशित किया और दुकान संचालक को सख्त हिदायत दी है। रोड पर इस प्रकार स्टॉल्स लगाकर अतिक्रमण न किया जाए और वाहन पार्किंग के प्रबंधन के निर्देश दिए हैं, ताकि वाहनों का आवागमन सुगम हो और आमजन को समस्या न हो।

उन्होंने अन्य दुकानदारों को भी रोड पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार नगर पालिका और यातायात की टीम द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। विगत दिवस भी नगर पालिका और यातायात की टीम द्वारा दुकानों के बाहर लगे स्टॉल्स और अव्यवस्थित वाहन पार्किंग के कारण रोड पर जाम की स्थिति को देखते हुए कार्यवाही की है। यदि समझाइश के बाद भी सुधार नहीं किया जाएगा, तो प्रशासन द्वारा कठोर कार्यवाही की जाएगी।

अतिक्रमण विरोधी अभियान के लिए दुकानदारों ने व्यक्त किया आभार

शहर भ्रमण के दौरान जब कलेक्टर अर्पित वर्मा दुकान संचालकों और व्यापारियों को समझाइश देने पहुंचे तभी कोर्ट रोड पर हटाए गए अतिक्रमण के बाद सुगम यातायात को लेकर व्यापारियों ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्हें फूलमाला पहनाकर इस पहल के लिए धन्यवाद दिया।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि यह शहर सभी नागरिकों का है इसलिए सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वह यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानों के बाहर व्यवस्थित रूप से वाहनों को रखवाएं, जिससे आमजन को आवागमन में समस्या ना हो और जाम की स्थिति निर्मित ना हो।

सभी की भागीदारी से ही स्वच्छ बनेगा शहर
कलेक्टर वर्मा ने न केवल यातायात व्यवस्था बल्कि स्वच्छ शिवपुरी का भी आव्हान करते हुए दुकानदारों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सभी की भागीदारी से ही हम शिवपुरी को स्वच्छ शहर बना पाएंगे। दुकानों के बाहर बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र होता है, जो पूरे बाजार में गंदगी का कारण बनता है, इसलिए प्रत्येक दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह डस्टबिन रखें और कचरा उसी में ही डालें। दुकानों पर आने वाले नागरिकों को भी सड़क पर कचरा ना फेंकने दें। यदि यह हमारे व्यवहार में आएगा तभी हम शिवपुरी को स्वच्छ शहर बना पाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म