मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन का शिकंजा, प्रेम स्वीट्स से लिए सैंपल - Shivpuri

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई

शिवपुरी। त्योहारों के सीजन से पहले मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच शुरू कर दी है।

इसी क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने माधव चौक स्थित प्रेम स्वीट्स पर पहुंचकर मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की और विभिन्न खाद्य सामग्री के सैंपल लिए। टीम ने प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का भी जायजा लिया।


कलेक्टर ने स्वयं लिया जायजा

कलेक्टर अर्पित वर्मा बुधवार शाम स्वयं भी निरीक्षण के लिए निकले और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच अभियान का जायजा लिया। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने तथा मिलावट मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लैब रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा प्रेम स्वीट्स से लिए गए सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा अमानक स्तर पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली से पहले बढ़ाई निगरानी

आगामी माह दीपावली का त्योहार है। इस दौरान मिठाइयों, मावे और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। प्रशासन ने अन्य मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य कारोबारियों को भी गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का पालन करने की हिदायत दी है।

पिछले सप्ताह इन प्रतिष्ठानों से भी लिए गए सैंपल

उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर विगत एक सप्ताह में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं।

इनमें गणेश एजेंसी, शिवपुरी से आनंदी सरसों तेल, पुष्पेन्द्र किराना स्टोर, नरवर से कोल्हू सरसों तेल एवं रिच बाइट टॉफी, जय शिव किराना, मगरौनी से मैगी नूडल्स एवं नायरा बटर कैंडी, शक्ति स्व-सहायता समूह, सकलपुर से खिचड़ी मिक्स लूज एवं दलिया लूज, महेश ऑयल, एबी रोड शिवपुरी से कान्हा बाँसुरी सरसों तेल एवं कान्हा बाँसुरी रिफाइंड सोया तेल, आनंद दूध डेयरी, एबी रोड शिवपुरी से खुला पनीर एवं स्किम्ड मिल्क तथा संस्कार सेल्स एजेंसी, शिवपुरी से संस्कार सरसों तेल एवं खुला रिफाइंड तेल के सैंपल शामिल हैं।

मिलावटखोरी पर प्रशासन की नजर

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा अमानक सामग्री की बिक्री के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा टीम का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म