स्वामित्व योजना के कार्य में लापरवाही के चलते शिवपुरी के हल्का कोडावदा की पटवारी निलंबित - Shivpuri



स्वामित्व योजना के कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई


शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिले में स्वामित्व योजना के तहत पंजीयन कार्य किया जा रहा है। कार्य में लापरवाही या अनुशासनहीनता बरतने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। तहसील शिवपुरी के हल्का 146-कोडावदा पर पदस्थ पटवारी अमृता शर्मा को स्वामित्व योजना कार्य में अनुशासनहीनता बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


एसडीएम श्री आनंद राजावत ने बताया कि पटवारी श्रीमती अमृता शर्मा को 'स्वामित्व योजना' के तहत रजिस्ट्री निष्पादन एवं पंजीयन कार्य कराने हेतु निर्देश दिए गए थे। किंतु उनके द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य में कोई रुचि नहीं ली गई और वे अपने कार्यक्षेत्र से अनुपस्थित रहीं।उन्होंने कार्यालयीन आदेशों की अवहेलना करते हुए व्हाट्सएप ग्रुप पर मेडिकल सर्टिफिकेट डालकर चिकित्सा अवकाश की मांग की। नियमानुसार उन्हें निर्देशित किया गया कि वे सक्षम चिकित्सा बोर्ड द्वारा जारी सिकनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करें, लेकिन उनके द्वारा निर्धारित समयावधि तक कोई प्रामाणिक प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया।


इस मामले में तहसीलदार शिवपुरी से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर, पटवारी अमृता शर्मा के इस कृत्य को उनके पदीय कर्तव्यों के विपरीत,  मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 एवं मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए कार्यवाही की गई है।


स्वामित्व योजना के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही पर सख्त अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय शिवपुरी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म