त्योहारों से पहले एक्शन मोड में कलेक्टर वर्मा, एसपी भूटिया सहित टीम के साथ पैदल घूमकर परखी शहर की व्यवस्थाएं - Shivpuri

कोर्ट रोड से गणेश गौरी कुंड और सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड तक निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों के निर्देश

शिवपुरी। त्योहारों के मद्देनजर शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट रोड, ठंडी सड़क, गांधी पार्क, गणेश गौरी कुंड, सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड और काली माता मंदिर स्थित रावण दहन स्थल पहुंचकर साफ-सफाई, यातायात, अतिक्रमण और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया भी मौजूद रहीं।

सड़क पर अतिक्रमण और टीनशेड हटाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सड़कों पर यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण और दुकानों के बाहर निकले टीनशेड का मामला सामने आया। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत राठौर और प्रभारी अशोक खरे को आवश्यक कार्रवाई कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों से दुकानों को निर्धारित सीमा में संचालित करने और यातायात नियमों का पालन करने को कहा।

अस्पताल चौराहे पर सड़क के गड्ढे भरने और दुकानों के आसपास नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। कस्टम गेट स्थित चौपाटी के निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को डस्टबिन रखने, निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए कहा गया। वहीं, ठंडी सड़क पर फल विक्रेताओं से चर्चा के बाद नाले की सफाई के लिए स्वच्छता प्रभारी योगेश शर्मा को निर्देशित किया गया।

गणेश गौरी कुंड पर सुरक्षा की समीक्षा

माता प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए कलेक्टर ने गणेश गौरी कुंड और विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुंड के आसपास मौजूद बच्चों को सुरक्षा के मद्देनजर वहां नहीं जाने की समझाइश भी दी गई।

रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों के निर्देश

विजयादशमी के कार्यक्रमों को देखते हुए कलेक्टर ने गांधी पार्क, सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड और काली माता मंदिर स्थित रावण दहन स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, अग्निशमन वाहन, एम्बुलेंस और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मेला परिसर में प्रकाश, पार्किंग और साफ-सफाई की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया। निरीक्षण का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यातायात सुचारू रखने, अतिक्रमण नियंत्रित करने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म