एसडीएम को पटवारीवार प्रगति की समीक्षा के निर्देश, तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष हेल्प डेस्क गठित
शिवपुरी। जिले में स्वामित्व योजना के तहत चल रहे पंजीयन अभियान में तेजी लाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत सीईओ को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि योजना के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शासन के निर्देशानुसार जिले में स्वामित्व योजना के तहत पंजीयन कार्य अभियान के रूप में किया जा रहा है। राजस्व अमला गांव-गांव पहुंचकर स्वामित्व पंजीयन से संबंधित कार्य कर रहा है। कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान की लगातार निगरानी भी की जा रही है।
तहसील और अनुभागवार की समीक्षा
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्य की तहसीलवार और अनुभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी एसडीएम को रजिस्ट्री कार्य में प्रगति लाने के साथ नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
एसडीएम को अपने-अपने अनुभाग में पटवारीवार कार्य प्रगति की समीक्षा करने और रजिस्ट्री प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
तकनीकी समस्याओं के लिए विशेष हेल्प डेस्क
स्वामित्व पंजीयन के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। इसके माध्यम से तकनीकी परेशानियों का तत्काल निराकरण किया जाएगा, ताकि पंजीयन कार्य प्रभावित न हो।
ग्रामीण स्तर पर योजना को गति देने के लिए जनपद पंचायतों के सीईओ को सचिव और जीआरएस के माध्यम से रजिस्ट्री इनिशिएशन एवं ई-केवाईसी से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों को मिलेगा भूमि का मालिकाना हक
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि स्वामित्व योजना अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है और इसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलेगा। योजना के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी भूमि का मालिकाना हक प्राप्त होगा। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी स्वामित्व पंजीयन के कार्य को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ पूरा करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Shivpuri