व्यसन मुक्ति रैली निकालकर छात्रों ने दिया नशामुक्त भारत का संदेश - Shivpuri


प्रांतीय संगठन मंत्री महेश्वरी ने संकेत ध्वज दिखाकर रैली को किया रवाना 


शिवपुरी। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद, मध्यभारत प्रांत की योजना के अनुसार व्यसन मुक्ति पखवाड़ा के अंतर्गत सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय, शिवपुरी के छात्रों द्वारा व्यसन मुक्ति जनजागरण रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य समाज में व्यसन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वस्थ एवं व्यसनमुक्त भारत के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

रैली को विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री श्री निखिलेश माहेश्वरी ने संकेत ध्वज दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यसन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है। युवावस्था जीवन निर्माण की अवस्था है, इसलिए विद्यार्थियों को स्वयं हर प्रकार के व्यसन से दूर रहते हुए अपने आसपास के लोगों को भी व्यसन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

श्री महेश्वरी ने कहा कि व्यसनमुक्त भारत का निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयास से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। विद्यार्थी समाज में परिवर्तन के प्रभावी वाहक बन सकते हैं। वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि स्वयं किसी भी प्रकार के व्यसन से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इससे बचाने का प्रयास करेंगे। जब युवा शक्ति व्यसनमुक्त और संस्कारयुक्त होगी, तभी सशक्त, स्वस्थ और समर्थ भारत का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि जनजागरण के माध्यम से व्यसन के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करना आज समय की आवश्यकता है।

रैली में सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय की घोष इकाई द्वारा घोषवादन किया गया। घोष की धुन के साथ निकली रैली में विद्यार्थियों ने व्यसन मुक्ति से संबंधित नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया। छात्रों ने व्यसन से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रबंधक श्री पवन शर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश, भोपाल के सचिव श्री दिग्विजय सिंह चौहान, अध्यक्ष श्री मोहनलाल गुप्ता, विभाग समन्वयक शिवपुरी विभाग श्री राम कुमार व्यास, वरिष्ठ अधिवक्ता शिवपुरी श्री वीरेंद्र शर्मा, विद्यालय के सह-प्रबंधक श्री जितेन्द्र परसाई, प्राचार्य श्री लोकेंद्र सिंह मेवाड़ सहित आचार्य परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म