सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक होगी मुलाकात, महिलाओं और 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मिलेगा प्रवेश; 250 ग्राम तक सूखी मिठाई ले जाने की अनुमति
शिवपुरी। दीपावली के भाईदूज पर्व पर सर्किल जेल शिवपुरी में निरुद्ध बंदियों से उनके परिजनों की मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन द्वारा 11 नवंबर (बुधवार) को खुली मुलाकात का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बंदियों की बहनें और परिवार की अन्य पात्र महिला सदस्य उनसे मिलकर भाईदूज का पर्व मना सकेंगी।
जेल प्रशासन के अनुसार, खुली मुलाकात का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। पुरुष बंदियों से मुलाकात के लिए परिवार की महिला सदस्यों तथा 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ही जेल परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक मुलाकात के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय पूरा होने पर परिजनों को मुलाकात स्थल से बाहर जाना होगा। मुलाकात के लिए आने वाली महिलाओं को पहले जेल के बाहर एकत्रित होना होगा, जिसके बाद नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा। एक ही बंदी को बार-बार मुलाकात के लिए नहीं बुलाया जाएगा।
पहचान पत्र और प्रवेश संबंधी निर्देश
जेल में प्रवेश के लिए प्रत्येक महिला को आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र या पैन कार्ड में से कोई एक मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और कीमती सामान जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वस्तुओं को जेल गेट के बाहर ही छोड़ना होगा। सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी जेल प्रशासन की नहीं होगी।
250 ग्राम तक सूखी मिठाई ले जाने की अनुमति
भाईदूज के अवसर पर बंदियों से मुलाकात के दौरान अधिकतम 250 ग्राम सूखी मिठाई, जैसे गजक और सोनपापड़ी ले जाने की अनुमति दी गई है। हालांकि, घर का बना भोजन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। जेल प्रशासन की ओर से पूजा की थाली उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें हल्दी, कुमकुम और चावल रखे होंगे।
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंदियों को नकद रुपये देना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसा करने पर मुलाकात पर रोक लगाने के साथ संबंधित बंदी के विरुद्ध जेल अपराध दर्ज किया जा सकता है।
जेल प्रशासन ने भाईदूज के अवसर पर आने वाले सभी परिजनों से पहचान संबंधी दस्तावेज साथ रखने, तलाशी प्रक्रिया में सहयोग करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि पर्व के दौरान खुली मुलाकात की व्यवस्था शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
Tags
Shivpuri