ढाई साल पहले लगी थी नशे की लत, बुधवार शाम बिगड़ी थी तबीयत; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
शिवपुरी। करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा कस्बे में स्मैक के ओवरडोज से 24 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक को बुधवार शाम करीब 6 बजे परिजन नशे की हालत में शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार दोपहर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पंकज सोनी (24) निवासी वार्ड क्रमांक-2, गणेश शाह मोहल्ला, करैरा के रूप में हुई है। वह रामकिशोर सोनी का बेटा था और गांव-गांव फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था।
ढाई साल पहले लगी थी नशे की लत
मृतक के बड़े भाई चंद्रकांत सोनी ने बताया कि करीब ढाई साल पहले पंकज गलत संगत में पड़ गया था, जिसके बाद उसे स्मैक की लत लग गई। धीरे-धीरे उसकी नशे की आदत बढ़ती चली गई। परिजन उसे नशे से दूर रखने और घर पर रोकने का प्रयास करते थे, लेकिन वह कोई न कोई बहाना बनाकर घर से निकल जाता था।
परिजनों के मुताबिक बुधवार को भी पंकज ने स्मैक का नशा किया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने डॉक्टरों को मौत की वजह नशे का ओवरडोज बताया है। गुरुवार दोपहर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Shivpuri