APK फाइल डाउनलोड करते ही ठगी का शिकार हुए बामोरकलां निवासी कैलाश नारायण सोनी; पुलिस पर शिकायत में देरी का आरोप
शिवपुरी/खनियांधाना। जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। खनियांधाना क्षेत्र के बामोरकलां गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक कैलाश नारायण सोनी साइबर ठगों के जाल में फंस गए। व्हाट्सएप पर भेजी गई एक APK फाइल डाउनलोड करते ही उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के मुताबिक, यह रकम उनकी जीवनभर की जमा पूंजी थी।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कैलाश नारायण सोनी के व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से लिंक के साथ APK फाइल भेजी गई थी। इसे जरूरी दस्तावेज समझकर उन्होंने डाउनलोड कर लिया। आरोप है कि फाइल डाउनलोड होने के बाद साइबर ठगों ने उनके मोबाइल तक अनधिकृत पहुंच बना ली और बैंकिंग एप्लीकेशन के जरिए खाते से रकम निकाल ली। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित के अनुसार, ठगों ने उनसे न तो एटीएम कार्ड मांगा और न ही बैंक का पासवर्ड या ओटीपी पूछा। इसके बावजूद उनके खाते से 3.40 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई।
19 दिन तक शिकायत पर कार्रवाई का इंतजार
पीड़ित कैलाश नारायण सोनी का आरोप है कि उन्होंने ठगी का पता चलते ही 8 अक्टूबर को बामोरकलां थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई। करीब 19 दिन बाद 27 अक्टूबर को पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।
पीड़ित का कहना है कि यदि शिकायत मिलने के बाद समय रहते कार्रवाई होती तो ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बन सकती थी। अब वे अपनी रकम वापस पाने के लिए बैंक, खनियांधाना थाना और शिवपुरी जिला साइबर सेल के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
APK फाइल के नाम पर बढ़ रहा साइबर ठगी का खतरा
साइबर अपराधी इन दिनों व्हाट्सएप के माध्यम से APK फाइल भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। बिजली बिल, पैन कार्ड अपडेट, पीएम किसान योजना और सरकारी दस्तावेजों के नाम पर संदिग्ध फाइलें भेजी जाती हैं। अनजान स्रोत से ऐसी फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने पर मोबाइल और उसमें मौजूद निजी जानकारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
साइबर सुरक्षा के लिहाज से लोगों को सलाह दी जाती है कि अनजान नंबर से आई APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक से दूर रहें और मोबाइल में अनधिकृत एप्लीकेशन को अनुमति देने से बचें।
Tags
Shivpuri