“क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” – केंद्रीय मंत्री सिंधिया
शिवपुरी - केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने तीन दिवसीय शिवपुरी प्रवास के दौरान आज गुरुवार को कोलारस विधानसभा क्षेत्र को कुल ₹38.92 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने सिंध नदी पर ₹30.48 करोड़ की लागत से नवनिर्मित ‘भड़ौता पुल’ सहित प्रमुख सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और स्थानीय जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया ₹30.48 करोड़ की लागत से नवनिर्मित भड़ौता पुल का लोकार्पण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-III) के अंतर्गत ₹30.48 करोड़ की लागत से निर्मित यह पुल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास उपलब्धि है। इस अवसर पर उन्होंने कुल ₹38.92 करोड़ की विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।
लोकार्पण के पश्चात केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ नवनिर्मित पुल पर पैदल चलकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और गुणवत्ता का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पुल के समीप खेत में कार्य कर रहे एक स्थानीय किसान भाई से आत्मीय संवाद कर खेती-किसानी के अनुभव भी जाने।
भड़ौता पुल बनेगा क्षेत्र की जीवनरेखा
सिंध नदी पर निर्मित लगभग 570 मीटर लंबा यह पुल अपने एप्रोच मार्गों सहित करीब 1,200 मीटर लंबा है। इसके शुरू होने से रन्नौद, सिंघारई माता मंदिर सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से नदी के कारण आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने में यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस पुल से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों, बाजारों और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। यह पुल केवल दो क्षेत्रों को जोड़ने वाला निर्माण नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के लिए विकास, सुविधा और संभावनाओं का नया मार्ग बनेगा।
भड़ौता पुल क्षेत्र के हजारों लोगों के दैनिक जीवन को सुगम बनाने के साथ कोलारस की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से देश के ग्रामीण क्षेत्रों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने का निरंतर कार्य हो रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति और अंतिम गांव तक पहुंचे।
₹38.92 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस दौरान कोलारस क्षेत्र में कुल ₹38.92 करोड़ की विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें PMGSY-III के अंतर्गत ₹30.48 करोड़ की लागत से निर्मित 7.35 किलोमीटर लंबे कोलारस-रन्नौद मार्ग का लोकार्पण तथा PM-JANMAN के अंतर्गत दो सड़क परियोजनाओं और एक पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान कोलारस विधायक महेंद्र यादव, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, सुरेश राठखेड़ा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रवींद्र शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Tags
Shivpuri