मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में भेजेंगे 1,500 रुपये की मासिक सहायता, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी होंगे शामिल - Shivpuri

पिछोर से आज लाड़ली बहनों को मिलेगी 42वीं किस्त, खातों में अंतरित होंगे 1,831 करोड़ रुपये

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवपुरी जिले में 221 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 12:20 बजे पिछोर पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले मोतीसागर तालाब का भ्रमण करेंगे। इसके बाद छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त अंतरित करेंगे। साथ ही आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों को वन क्लिक के माध्यम से नगद साख सीमा की राशि जारी करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:15 बजे मुख्यमंत्री शिवपुरी से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।

अब हर महीने मिल रहे हैं 1,500 रुपये

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 में इसे बढ़ाकर 1,250 रुपये किया गया और नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दी गई। वर्तमान में पात्र महिलाओं को यह राशि सीधे उनके आधार से जुड़े डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में भेजी जा रही है।

अब तक 67 हजार करोड़ से अधिक का अंतरण

योजना के तहत जून 2023 में पहली किस्त जारी की गई थी। अक्टूबर 2026 तक 41 किस्तों के माध्यम से महिलाओं के खातों में 67 हजार 230 करोड़ 96 लाख रुपये अंतरित किए जा चुके हैं। अब नवंबर में 42वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के प्रारंभ से अब तक कुल सहायता राशि लगभग 69 हजार 50 करोड़ 28 लाख रुपये हो जाएगी।

चालू वित्तीय वर्ष में 23,882 करोड़ का बजट

राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के संचालन के लिए 23 हजार 882 करोड़ 81 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया है। चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर तक 13 हजार 134 करोड़ 97 लाख रुपये की सहायता महिलाओं को दी जा चुकी है। नवंबर की किस्त के बाद यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 14 हजार 954 करोड़ 27 लाख रुपये हो जाएगा।

पिछोर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के अंतरण के साथ शिवपुरी जिले के विकास कार्यों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म