कोलारस में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 42 वर्षीय युवक की मौत, महिला सहित दो घायल - Kolaras


पठान ढाबे के पास हुआ हादसा, पेट्रोल पंप से लौटते समय तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर; पुलिस ने शुरू की जांच

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर पठान ढाबे के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 42 वर्षीय अशोक परिहार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार चालक और एक महिला घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम टीला खुर्द निवासी अशोक परिहार ट्रक चलाते थे। बुधवार दोपहर वह अपनी टीवीएस स्पोर्ट बाइक से कोलारस आए थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर उनके भाई इंदल परिहार और चचेरे भाई महेंद्र सिंह परिहार भी आए थे। दोनों पठान ढाबे के पास रुक गए, जबकि अशोक पेट्रोल भरवाने के लिए जीओ पेट्रोल पंप चले गए।

पेट्रोल भरवाने के बाद अशोक सड़क किनारे से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोलारस से शिवपुरी की ओर जा रही एक बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में अशोक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजन अशोक को तत्काल सरकारी अस्पताल कोलारस लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार चालक और महिला को भी चोटें आई हैं।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म