रतनगढ़ माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 लाख श्रद्धालुओं ने किए माता रानी के दर्शन, 6 हजार से अधिक सर्पदंश पीड़ितों के बंध काटे गए - Datia

दीपावली की दूज पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

दतिया। प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली की दूज पर आयोजित मेले में श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिल रहा है। माता रानी और कुंअर बाबा के दर्शन के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। अब तक करीब 20 लाख श्रद्धालु माता रतनगढ़ और कुंअर बाबा के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और पूरा मेला क्षेत्र माता रानी के जयकारों से गूंज रहा है।

रतनगढ़ माता मंदिर में दीपावली की दूज पर लगने वाले मेले का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार, सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति के नाम पर माता रानी का बंध बांधने से विष का प्रभाव नहीं होता। इसी धार्मिक आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। मेले के दौरान अब तक 6 हजार से अधिक सर्पदंश पीड़ितों के बंध काटे जा चुके हैं। श्रद्धालु माता रानी के दरबार में मत्था टेकने के साथ कुंअर बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं पर रख रहा नजर

मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं दर्शन व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल स्वयं मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। दोनों अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और दर्शन व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

प्रशासन की व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालु लगातार माता रानी और कुंअर बाबा के दर्शन कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म