बदरवास में महिला की हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई, 5 आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार - Badarwas

पुरानी रंजिश में ट्रैक्टर चढ़ाने और लाठी-फरसा से हमले का आरोप, घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर सहित हथियार जब्त

बदरवास/शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी खजूरी में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर सहित लाठी, लुहांगी और कुल्हाड़ी जब्त की हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे ग्राम छोटी खजूरी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। फरियादी बारे लाल जाटव (38) निवासी छोटी खजूरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिजनों के साथ गांव के रास्ते से गुजर रहा था, तभी पप्पू जाटव के घर के सामने भोला जाटव ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर भूरिया बाई, रामबती बाई, राहुल जाटव, फेरन सिंह जाटव, रोहित जाटव और गायत्री बाई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। फरियादी के आरोप के मुताबिक, दूसरे पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी, लाठी, फरसा और बल्लम से हमला किया। इस घटना में भूरिया बाई जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।

फरियादी की रिपोर्ट पर बदरवास थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

खजूरी के हार में छिपे मिले आरोपी

महिला की हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। 31 अक्टूबर को थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले के आरोपी ग्राम खजूरी के हार में छिपे हुए हैं।

इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भोला जाटव (30), दुर्गेश जाटव (35), भागीरथ जाटव (55), विनोद जाटव (33) और शीलकुमार जाटव (19), सभी निवासी ग्राम छोटी खजूरी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर, लाठी, लुहांगी और कुल्हाड़ी जब्त की हैं। पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

इनकी रही कार्रवाई में भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव, उपनिरीक्षक नोबेल खेस, उपनिरीक्षक शिखा तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक राकेश शिवहरे, प्रधान आरक्षक गोविंद भदौरिया, चंद्रशेखर मीणा, अनित बुनकर, दीपक शर्मा तथा आरक्षक सदन भिलाला, राजकुमार भिलाला, रिंकू माहौर, थान सिंह और दीनू रघुवंशी की मुख्य भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म