परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोड़ने पर जागृत होती है आत्मा की ज्योति : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल - Bhopal

ब्रह्माकुमारीज़ शांतिधाम में दीपावली आध्यात्मिक उत्सव आयोजित, उप मुख्यमंत्री ने किया राजयोग मेडिटेशन; संस्था की आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाओं को सराहा

भोपाल। दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा की ज्योति जागृत करने और जीवन में श्रेष्ठ संस्कार धारण करने का आध्यात्मिक अवसर है। परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोड़ने पर आत्मा में ज्ञान, प्रेम, शांति और पवित्रता का प्रकाश जागृत होता है। यह विचार मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने 8 नवंबर को ब्रह्माकुमारीज़ शांतिधाम, झिरिया, रीवा में आयोजित दीपावली आध्यात्मिक उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में व्यक्त किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री का ब्रह्माकुमारीज़ परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की आध्यात्मिक और सामाजिक सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने में ब्रह्माकुमारीज़ जैसी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आध्यात्मिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों और मानवीय संस्कारों के माध्यम से संस्था समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने रामराज्य की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। रामराज्य की स्थापना के लिए प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रेम, सद्भावना और श्रेष्ठ संस्कारों का होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी नियमित रूप से मेडिटेशन करते हैं और प्रतिदिन प्रातः 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में उठकर आध्यात्मिक अभ्यास करते हैं।

राजयोग मेडिटेशन में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उप मुख्यमंत्री का मेडिटेशन कक्ष में राजयोग मेडिटेशन करना रहा। उन्होंने बुद्धियोग को परमात्मा शिव से जोड़कर आत्मिक शांति और परमात्म अनुभूति का अभ्यास किया। इस दौरान महालक्ष्मी देवी मां का विधिवत पूजन किया गया तथा परमपिता परमात्मा शिव बाबा पर पुष्प अर्पित किए गए।

उप मुख्यमंत्री सहित उपस्थित साधकों ने दीप प्रज्वलित कर अपने जीवन से बुराइयों का त्याग करने और अच्छाइयों को अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही प्रेम, शांति, पवित्रता और सद्भावना को अपने व्यवहार में उतारने का संदेश दिया गया।

अंतर्मन को प्रकाशित करना ही दीपावली का वास्तविक संदेश : बीके लता दीदी

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ब्रह्माकुमारीज़ रीवा क्षेत्र की क्षेत्रीय संचालिका बीके लता दीदी ने कहा कि दीपावली का वास्तविक महत्व केवल घरों को रोशन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान और आध्यात्मिक शक्तियों से अंतर्मन को प्रकाशित करना भी इसका मूल उद्देश्य है। राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से आत्मा में शांति, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कार जागृत होते हैं। उन्होंने सभी से जीवन में प्रेम, सहयोग, आपसी सम्मान और सद्भावना अपनाने का आह्वान किया।

शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों ने की सहभागिता

आयोजन में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल हुए। इनमें आईटीआई प्राचार्य दीपक तिवारी, पूर्व बैंक मैनेजर श्रीमती शिखा चिटके, राजभान पटेल तथा मध्यप्रदेश की सबसे कम उम्र की आईटीआई ट्रेनर के रूप में पहचान रखने वाली 19 वर्षीय रितिका पटेल और दूसरी सबसे कम उम्र की आईटीआई ट्रेनर 19 वर्षीय कृतिका पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

दोनों युवा बहनों ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मविश्वास, मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक चिंतन को नई दिशा देने का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में पचमठा धाम के ब्रह्मचारी विजय शंकर महाराज, बीके विजयदेव, अतुल जैन, डॉ. रोहित थापर, निलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी अवधेश श्रीवास्तव, अंकु तिवारी, बीके नम्रता बहन सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्य, श्रद्धालु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे। आध्यात्मिक संदेश और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म