रीवा ITI के 73 टॉपर विद्यार्थियों का उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया सम्मान - Bhopal


दीक्षांत समारोह में बोले डिप्टी सीएम- उद्योगों को बिजली, पानी और जमीन के साथ कुशल तकनीशियनों की भी जरूरत, ITI के युवाओं का भविष्य उज्ज्वल

भोपाल/रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) रीवा में आयोजित पांचवें दीक्षांत समारोह में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले 73 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रीवा तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में यहां स्थापित होने वाले उद्योगों में प्रशिक्षित तकनीकी युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में हवाई सेवा, रेलवे और सड़क सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। बड़े उद्योगपति भी यहां निवेश में रुचि दिखा रहे हैं। उद्योगों की स्थापना के लिए बिजली, पानी और जमीन के साथ कुशल तकनीशियनों की भी आवश्यकता होती है। इस आवश्यकता को ITI से प्रशिक्षित युवा पूरा करेंगे। ऐसे में ITI के विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल है। हम सब मिलकर रीवा को विकास का सिरमौर बनाएंगे।

स्वरोजगार से दूसरों को भी दें रोजगार

श्री शुक्ल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी शिक्षित होने के साथ संस्कारवान भी बने। जिस भी संस्थान या स्थान पर काम करें, वहां अपनी उपयोगिता और कार्यक्षमता साबित करें। युवा नौकरी के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ें और स्वयं रोजगार स्थापित कर दूसरे लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं।

उन्होंने युवाओं से नशे की बुराई से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सकारात्मक युवा पीढ़ी ही विकास के नए अवसरों का लाभ उठा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ITI से प्रशिक्षित युवा अपने कौशल और मेहनत से देश का नाम रोशन करेंगे।

27 ट्रेडों में दिया जा रहा प्रशिक्षण

समारोह में संयुक्त संचालक तकनीकी शिक्षा सौरभ शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि संभागीय ITI में 27 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त तीन और छह माह के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं। संस्था के 73 विद्यार्थियों ने अलग-अलग ट्रेडों में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है।

उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ITI परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कन्या छात्रावास भवन को शीघ्र हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में पार्षद विमला सिंह, सतीश सिंह, प्राचार्य सोनम पाण्डेय, केके गर्ग, प्रदीप गौतम सुमन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म